पुलिस लाइन में बनाए जाएंगे नए क्वार्टर
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : पुलिस लाइन में क्वार्टरों से वंचित पुलिस कर्मियों के लिए राहत की खबर है।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : पुलिस लाइन में क्वार्टरों से वंचित पुलिस कर्मियों के लिए राहत की खबर है। पुलिस विभाग के हाउस कॉरपोरेशन डीजीपी बीएस संधू ने बताया कि पुलिस लाइन में क्वार्टरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जल्द ही यहां कुछ और नए क्वार्टर बनाए जाएंगे ताकि हर पुलिस कर्मचारी को पुलिस लाइन में ही क्वार्टर उपलब्ध हो सके। डीजीपी बीएस संधू रविवार को सिरसा में किसी कार्यक्रम में गए थे। वहां से लौटते वक्त कुछ समय फतेहाबाद में रूके थे। यहां उन्होंने नव निर्मित महिला पुलिस थाने की इमारत का निरीक्षण किया। इसके अलावा पुलिस लाइन का भी जायजा लिया।
बीएस सन्धू ने बताया कि पुलिस लाइन में कर्मचारियों की संख्या को देखते हुए क्वार्टरों की संख्या कम पड़ रही है। चूंकि पुलिस लाइन काफी समय पहले बनाई गई थी, जब पुलिस कर्मचारियों की संख्या भी कम थी। अब संख्या बढ़ी है तो निश्चित रूप से क्वार्टरों की जरुरत भी बढ़ी है। इसलिए नए क्वार्टरों का निर्माण जल्द किया जाएगा। बता दें कि इस वक्त सौ से भी ज्यादा पुलिस कर्मचारी शहर में अलग-अलग जगहों पर किराये पर मकान लेकर रहे हैं। वे चाहकर भी पुलिस लाइन में नहीं रह सकते, क्योंकि वहां क्वार्टरों की कमी है। डीजीपी ने बताया कि पुलिस लाइन के पास महिला थाने की इमारत तैयार हो चुकी है। इसी महीने में थानों में विधिवत रूप से काम शुरू हो जाएगा। इस मौके पर उनके साथ पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया, डीएसपी शमशेर ¨सह दहिया, डीएसपी विजय जाखड़ व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। वह यहां करीब आधा घंटा रूके, जिसके बाद हिसार की तरफ रवाना हो गए।