राजमार्ग पर सबसे लंबे पुल का निर्माण शुरू
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़: राष्ट्रीय राजमार्ग को छह लेन बनाने वाली निर्माण कंपनी ने बल्लभगढ़ में पुल
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़: राष्ट्रीय राजमार्ग को छह लेन बनाने वाली निर्माण कंपनी ने बल्लभगढ़ में पुल बनाने के लिए आदर्श सब्जी मंडी के सामने बैरिकेडिंग कर दी है। वाहनों के यहां से गुजरने के लिए अब सब्जी मंडी के सामने बनी सर्विस लेन का इस्तेमाल किया जाएगा। यह राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर दिल्ली से आगरा के बीच सबसे लंबा पुल होगा। इसकी लंबाई 315 मीटर होगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग को आगरा से लेकर दिल्ली तक छह लेन बनाया जा रहा है। दिल्ली से आगरा जाने वाले लोगों के सफर को आसान बनाने के लिए बड़खल, पुराना फरीदाबाद, अजरौंदा, बाटा चौक पर ऊपरगामी पुलों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वाइएमसीए और बल्लभगढ़ में पुलों का निर्माण कार्य शुरू किया जाना है।
बैरिकेड लगाने से आदर्श सब्जी मंडी वाले दुकानदारों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दुकानों के सामने सैकड़ों फलों की रेहड़ी खड़ी होती हैं, इनको हटाया जाएगा। अब मंडी की दुकानों के ठीक आगे से यातायात को निकाला जाएगा। इससे दुकानों के आगे लगाए गए तिरपाल भी हटाए जाएंगे। मंडी में सब्जी खरीदने के लिए आने वाले लोगों को भी अपने वाहन दूर खड़े करके आना होगा। क्योंकि अब सब्जी मंडी के दुकानों के सामने वाहन खड़ा करने के लिए जगह नहीं बचेगी। पुल का निर्माण कार्य अगले 10 दिन में शुरू हो जाने की उम्मीद है।
---
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बल्लभगढ़ में पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। इसके निर्माण के लिए बैरिकेड लगा दिए गए हैं। मंडी के आगे और बस अड्डे की तरफ 10-10 फुट के सर्विस मार्ग बनाए जाएंगे। पहले यह पुल सिर्फ 41 मीटर लंबा था। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के प्रयासों से 315 मीटर लंबा बनाने की योजना बनवाई और इसे स्वीकृत भी कराया।
-सुरेश कुमार, परियोजना अधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण फरीदाबाद।