अदालत के आदेश पर मासूम के अपहरण का मामला दर्ज
संवाद सहयोगी, हथीन : शुक्रवार को अदालत के आदेश पर दो वर्ष के मासूम बच्चे के अपहरण के आरोप में पुलिस
संवाद सहयोगी, हथीन : शुक्रवार को अदालत के आदेश पर दो वर्ष के मासूम बच्चे के अपहरण के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये लोग उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा के ऊंचा गांव के बताए गए हैं। घटना नौ अक्टूबर की है । तभी से पीडि़त बच्चे की मां पुलिस से मामला दर्ज करने की गुहार लगा रही थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की थी। जिसके चलते पीडि़ता को अदालत की शरण लेनी पड़ी।
पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर रींडका गांव की इंद्रवती ने अदालत में इस्तगासा दायर की। इस्तगासा में उसने कहा कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2006 को ऊंचा गांव निवासी दुर्गेश के साथ हुई थी। शादी के समय उनके परिजनों ने अपने हैसियत के हिसाब से खूब दान दहेज दिया था, लेकिन सुसराल के लोग इस बात से खुश नहीं थे। जिसके चलते उसके साथ मारपीट होती थी। इसी बीच इंद्रवती के बेटे के रूप में संतान की प्राप्ति हुई। जिसका नाम जिगर रखा गया। इस्तगासा में कहा गया कि इंद्रवती को दहेज के चलते सुसराल पक्ष के लोगों ने मां बेटे समेत घर से निकाल दिया। दुर्गेश ने हथीन की अदालत में गत 13 मार्च को दहेज का मुकदमा दर्ज करा दिया। इस्तगासा में बताया गया है कि गत नौ अक्टूबर को दुर्गेश धारा 125(भरण पोषण) के तहत दायर केस की सुनवाई के लिए अपने भाई रविंद्र के साथ हथीन अदालत आई थी। उनके पीछे से ऊंचा गांव निवासी ओम प्रकाश व गोपाल बाइक पर सवार होकर आए। उन्होंने घर के आंगन में खेल रहे दो वर्षीय जिगर का अपहरण कर लिया। मामले को लेकर पीडि़त महिला पुलिस के पास गई, लेकिन पुलिस ने भी कोई सुनवाई नहीं की। अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए । पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।