'किसी का दिल न दुखाएं, सच्चाई को अपनाएं'
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद: मुहर्रम के मौके पर शुक्रवार को आयोजित मजलिस में मौलाना कमर अब्बास रिजवी न
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद: मुहर्रम के मौके पर शुक्रवार को आयोजित मजलिस में मौलाना कमर अब्बास रिजवी ने ईमान को पुख्ता करने की हिदायत दी। अंजुमन-ए-हैदरी कमेटी की ओर से किए चल रहे कार्यक्रम में मौलाना ने फरमाया कि सुकून तभी मिलेगा, जब ईमान मजबूत होगा। हक की राह पर चलकर ही ईमान में मजबूती आती है।
एसी नगर में आयोजित मजलिस में मौलाना कमर अब्बास रिजवी ने 680 ई.में इराक में कर्बला के मैदान में शहादत की दास्तान सुनाई, जिसमें इमाम हुसैन को 72 लोगों के साथ तड़पा-तड़पा कर मार डाला गया था। जिसमें उनके परिवार की महिलाएं और मासूम बच्चे भी थे। मौलाना रिजवी ने कहा कि अल्लाह, रसूल का भी यही फरमान है कि हम किसी का दिल न दुखाएं। सच्चाई को अपनाएं। मौलाना रिजवी ने कहा कि जो इंसान अल्लाह के बताए रास्ते पर चलते हैं, उन्हें जन्नत मिलती है। उन्होंने कर्बला के इतिहास से सबको सबक लेने को कहा। कमेटी के अध्यक्ष महमूद हुसैन तथा सचिव मोहसिन हुसैन ने भी मजलिस में अपने विचार रखे। हिजरी कैलेंडर के मुहर्रम महीने की दसवीं तारीख (4 नवंबर) को यौम-ए-आशूरा पर जुलूस के साथ दिल्ली के खानपुर में कर्बला मैदान में ताजिये दफन किए जाएंगे।