दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से निकाला
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद :
दहेज में 10 लाख रुपये और कार की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव करनेरा निवासी रेखा त्यागी की शादी 21 अप्रैल 2007 को हापुड़ निवासी अमित के साथ हुई थी। रेखा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। वे लोग दहेज में 10 लाख रुपये और एक कार की मांग करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर वे अक्सर उसके साथ मारपीट करते और भूखा प्यासा रखते थे। रेखा के परिजनों ने बेटी का घर बसाने के लिए उसके ससुरालियों को कार भी दे दी, इसके बावजूद रेखा के साथ मारपीट नहीं रुकी। इसे लेकर दोनों पक्षों में कई बार आपसी पंचायत भी हुई। मगर कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इतना ही नहीं महिला को उसके ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति अमित, सास, ससुर व देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरे मामले में सेक्टर 2-9 निवासी किरण ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है कि उसकी शादी 10 नवंबर 2011 को एसजीएम नगर निवासी जितेंद्र के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसके ससुराल वाले उसे कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति जितेंद्र सहित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है।