नकली पुलिसकर्मी बन युवकों पर बरपाया कहर
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : चोरी हुई बाइक की बरामदगी को लेकर स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर बेकसूर युवकों पर हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नकली पुलिस कर्मियों ने बृहस्पतिवार दोपहर को एक युवक का अपहरण कर बेल्टों से पीट-पीटकर घायल कर दिया था। घटना के कुछ घंटे बाद ही दो और अन्य युवकों का अपहरण कर बेल्टों से निर्मम तरीके से पीटने का मामला संज्ञान में आया है। दोनों घायलों को उपचार के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने दोनों घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्ञात रहे बृहस्पतिवार दोपहर को करीब डेढ़ दर्जन युवकों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर दादरी के वार्ड 13 निवासी एक युवक राहुल का अपहरण कर निर्मम तरीके से पीटा था। आरोपी स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर उसके घर आए थे तथा उस पर बाइक चोरी करने का इल्जाम लगाया था। थाने में पेश न होने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद वह अपनी मां के साथ थाने में जा रहा था। तभी इन युवकों ने रास्ते में ही उसका अपहरण कर पुराना सिविल अस्पताल के नजदीक एक कमरे में ले जाकर बेल्टों से पिटाई की व बेहोश होने के बाद छोड़कर फरार हो गए थे।
यह मामला अभी ठंडा पड़ा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद इसी तरह से आरोपियों ने बृहस्पतिवार देर सायं करीब 9 बजे मथुरी घाटी निवासी नवनीत व लाधानपाना निवासी धर्मबीर को भी उनके प्लॉट से जबरन उठा लिया। आरोपियों ने स्वयं को भिवानी सीआइए पुलिस कर्मचारी बताया तथा पुराने सिविल अस्पताल के पास ही कमरे में ले जाकर बाइक के बारे में पूछताछ की। उन्होंने बाइक के बारे में कुछ भी जानकारी होने से इन्कार किया तो आरोपियों ने उन्हें नीचे धरती पर गिराकर बेल्टों से निर्मम तरीके से पीटा। जिसके निशान उनकी कमर, पांव, चेहरे आदि पर स्पष्ट देखे जा सकते हैं। पीडि़तों ने बताया कि उनके अधमरा होने के बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर सड़क पर फेंक दिया। रात्रि में उनके परिजन घर आए तो उन्होंने दिन में हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने दोनों घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है एक ही दिन में इस प्रकार से मारपीट की तीन घटनाएं सामने आने से क्षेत्र में खौफ का माहौल बना हुआ है। स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर आपराधिक प्रवृत्ति के युवक दिनदहाड़े युवकों का अपहरण कर उन्हें प्रताड़ित कर क्षेत्र में वर्चस्व बनाने का दुस्साहस कर रहे हैं।