अनधिकृत निर्माण कार्यो पर नहीं लग रहा अंकुश
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : नाथुपूर में निगम अधिकारियों पर तोड़फोड़ के दौरान हुए हमले के बाद अधिकारियों ने इस दिशा में अपने कदम रोक लिए हैं। अनधिकृत निर्माण रोकने की बजाय निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता शहर में लगी विज्ञापन सामग्री हटाने पर अधिक जोर दे रहा है। नतीजा सामने है शहर में एक बार फिर अनधिकृत निर्माण ने जोर पकड़ रखा है।
अनधिकृत निर्माण की शिकायतें लगातार आने पर मेयर विमल यादव ने निगम अधिकारियों को नोटिस देकर निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए हैं। एमजी रोड स्थित स्टेट बैंक के पीछे निगम द्वारा की गई तोड़फोड़ के बावजूद वहां निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा तीन-चार मंजिला इमारतों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। इसी प्रकार गुड़गांव गांव के मोजी वाले कुएं से सेक्टर पांच जाने वाली मुख्य रोड पर भी इस समय बहुमंजिला इमारतों का निर्माण धड़ल्ले से चल रहा है। निर्माण वाली रोड पर ही अतिक्रमण विरोधी दस्ते की सब कमेटी की चेयरपर्सन सुनीता कटारिया रहती हैं। इसके अलावा आयुध डिपो के नौ सौ मीटर दायरे में एवं अन्य जगह अनधिकृत निर्माण कार्य तेजी से हो रहे हैं। मारुति कंपनी के सामने तो दिन-रात निर्माण कार्य चल रहे हैं। निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता भी यहां का रुख नहीं कर रहा है। सदर बाजार एवं नाथूपुर में निगम अधिकारियों पर तोड़फोड़ को लेकर जो लोगों ने विरोध कर जो दबाव बनाया शायद उसी का नतीजा है कि अनधिकृत निर्माण कार्यो में तेजी आ गई है। विरोध के कारण निगम अधिकारी भी अब इस विवाद में पड़ना नहीं चाहते हैं। इसका पूरा फायदा अनधिकृत निर्माण करने वाले उठा रहे हैं। मेयर ने कहा कि भू माफिया तो अभी मिलजुलकर निर्माण करा रहा है लेकिन जब लोग खरीद लेंगे तो वह चुपचाप निकल जाएगा। इसका सीधा नुकसान लोगों को होगा। उन्होंने संयुक्त आयुक्त वत्सल वशिष्ठ को निर्देश दिए हैं कि वह नोटिस जारी कर अनधिकृत निर्माण कार्य तो तुरंत रोके। बावजूद जो नहीं माने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराएं।