इंद्री से कांवड़ लेने निकला युवक नशे में पहुंचा अंबाला, घर में चोरी करते पकड़ा
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : करनाल के कस्बा इंद्री का कल्लू उर्फ अली मोहम्मद बुधवार सु
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : करनाल के कस्बा इंद्री का कल्लू उर्फ अली मोहम्मद बुधवार सुबह हरिद्वार से कांवड़ लेने घर से निकला था। नशे की हालत में वह अंबाला पहुंच गया। बुधवार देर रात वह शहर के विवेक विहार निवासी अश्विनी भारद्वाज के घर चोरी करते पकड़ा गया। सैर के बाद वापस लौटे परिवार ने जैसे ही दरवाजा खोला, वह दीवार फांदकर भाग निकला। शोर-शराबा सुनकर एकत्रित हुए कालोनीवालों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। बलदेवनगर चौकी पुलिस की कार्रवाई के आधार पर थाने में चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया। सरकारी अस्पताल में मेडिकल के बाद बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। देर शाम उसे जेल प्रशासन के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे अश्विनी कुमार कालोनी वालों के साथ सैर कर रहे थे। उस दौरान उनकी बुजुर्ग माता घर में अपने कमरे में थी। जैसे ही अश्विनी वापस लौटे, एक युवक दीवार फांदकर भागने लगा। उससे 1500 रुपये बरामद कर लिए गए। घर में सामान बिखरा पाया गया। मंदिर में रखी नकदी गायब मिली। आरोपी नशे में इतना धुत था कि वह कोई जवाब नहीं दे पा रहा था। सूचना मिलते ही आरोपी का परिवार थाने पहुंचा। पुलिस को बताया कि वह घर से कांवड़ लेने के लिए निकला था, अंबाला कैसे पहुंचा, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इससे पहले अली मोहम्मद ने किसी प्रकार की वारदात नहीं की। अली ने पुलिस को बताया कि कांवड़ लेने के लिए निकलने के बाद वह पिपली आ गया। वहां उसकी कांवड़ियों से मुलाकात हुई, उनके साथ उसने नशा कर लिया। उसके बाद वह कैसे अंबाला आया, पैदल आया या बस में, उसे पता नहीं चला। पैसों की कमी खली तो उसने नशे की हालत में चोरी कर ली। एएसआइ सुरेश कुमार के अनुसार चोरी करके भाग रहे अली को लोगों ने पकड़कर उन्हें सौंपा।