सुपरवाइजर के ट्रांसफर पर निरीक्षक-यूनियन आमने-सामने
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी के वार्ड नंबर 17 में तैनात सुपरवाइजर राज कुमार को सदर ए
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी के वार्ड नंबर 17 में तैनात सुपरवाइजर राज कुमार को सदर एरिया में पशु पकड़ने पर लगा दिया। मंगलवार को जैसे ही कांग्रेसी वार्ड में तैनात सफाई निरीक्षक विनोद बैनीवाल ने ट्रांसफर के आदेश सुपरवाइजर को थमाए तो मामला बिगड़ गया। यूनियन ने निरीक्षक पर बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को काम बंद करने की चेतावनी दे दी। मामला बढ़ा तो संयुक्त आयुक्त गगनदीप ¨सह देर शाम को कार्यालय में पहुंचे और दोनों पक्षों की बात सुनी।
सुपरवाइजर राज कुमार की तरफ से यूनियन ने संयुक्त आयुक्त के सामने आरोप लगाया कि सफाई निरीक्षक बैनीवाल ने सुपरवाइजर के साथ बदसलूकी की है। उन्होंने कहा कि 13 फरवरी को राजकुमार को वार्ड नंबर 15 से हटाकर वार्ड 17 में लगाया गया था। अब फिर से उसका ट्रांसफर ईओ के आदेशों पर पशु पकड़ने के लिए किया जा रहा है। जब सुपरवाइजर ने इस संबंध में निरीक्षक बैनिवाल को बोला तो उसने उसके साथ बदसलूकी की। यूनियन की मांग थी कि जब तक निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती तब तक काम बंद रखा जाएगा। इस संबंध में यूनियन ने आयुक्त व संयुक्त आयुक्त को लिखित में एक शिकायत भी लिखी। उधर, सफाई निरीक्षक विनोद बैनिवाल ने कहा कि सुपरवाइजर निगम का पक्का कर्मचारी है और वह पहले पशु पकड़ने वाली टीम में रहा है। इसी को देखते हुए उसका ट्रांसफर ईओ के आदेशों पर किया था। सफाई कर्मियों ने जिस तरह से बातचीत की है वह अशोभनीय थी। इसीलिए उसने भी उनके साथ उसी तरह से व्यवहार किया है। इस विवाद के बाद संयुक्त आयुक्त गगनदीप ¨सह कार्यालय में पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। संयुक्त आयुक्त ने दोनों पक्षों के बीच काफी देर के बाद समझौता करा दिया है जिसके बाद निगम कर्मियों ने अपनी हड़ताल की चेतावनी वापस ले ली।