मिलान हो या नहीं, अंगूठा लगाने के 30 सेकेंड बाद मिल जाएगा राशन
नई राशन वितरण प्रणाली पूरी तरह से ऑनलाइन होगी, पीओएस मशीन पर अंगूठा पहले की तरह लगेगा, लेकिन मिलान न होने पर भी फेल रसीद पर राशन दे दिया जाएगा।
जेएनएन, अंबाला शहर। राशन के लिए डिपो पर भटक रहे कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। अब अंगूठे का मिलान नहीं होने पर भी 30 सेकेंड के बाद डिपो होल्डर राशन जारी कर देगा। वीरवार के बाद राशन वितरण की यह नई प्रणाली शुरू कर दी जाएगी। इससे प्रदेशभर के करीब 30 लाख राशनकार्ड धारकों को राहत मिलेगी।
दरअसल, प्रदेशभर में करीब 25 दिनों से लोग राशन के लिए भटक रहे हैं। पीओएस मशीन पर अंगूठे का मिलान न होना और सर्वर डाउन रहना इस दिशा में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई थी। इसी कारण 2 दिसंबर को प्रदेश सरकार ने मैनुअल आधार पर राशन वितरण करने का एलान भी कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद यह आदेश किसी भी डिपो धारक के पास नहीं पहुंचे थे। अब प्रदेश सरकार ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। नई व्यवस्था के लिए सर्वर अपडेट किया जा रहा है। जैसे ही सर्वर अपडेट होगा नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इसमें दो से तीन दिन का समय लग सकता है।
ऐसी होगी नई व्यवस्था
नई राशन वितरण प्रणाली पूरी तरह से ऑनलाइन सिस्टम पर ही आधारित रहेगी। पीओएस मशीन पर अंगूठा पहले की तरह लगेगा। नई व्यवस्था के तहत जैसे ही डिपो पर आकर कार्डधारक अपने आइडी नंबर बताएगा तो उसके आधार पर कार्डधारक का खाता जांचकर उससे पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाया जाएगा। 30 सेकेंड की प्रतीक्षा की जाएगी। इस दौरान यदि पीओएस मशीन ने अंगूठे का मिलान कर लिया तो ठीक वरना फेल रसीद पर राशन दे दिया जाएगा। इसके लिए टेस्टिंग शुरू कर दी गई है।
पढ़ें : श्रीमद् भागवत गीता के सरकारी प्रचार के खिलाफ रामपाल पहुंचे हाई कोर्ट