रेलवे स्टेशनों पर गैस सिलेंडर होगा बंद, यात्री रहेंगे गर्म खाने से वंचित
जागरण संवाददाता, अंबाला : अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर आने वाले मुसाफिरों को अब जल्द ही स्
जागरण संवाददाता, अंबाला : अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर आने वाले मुसाफिरों को अब जल्द ही स्टालों पर मिलने वाला ताजा, गर्म और साफ-सुथरा खाना बंद हो जाएगा। अभी तक स्टेशन पर बने स्टालों पर मुसाफिरों को गर्म खाना सर्व किया जाता है लेकिन अगले महीने से यह बंद होगा। क्योंकि नई दिल्ली स्टेशन की तर्ज पर अंबाला छावनी स्टेशन के स्टालों पर भी जल्द ही सिलेंडर का प्रयोग बंद किया जा रहा हैं। सिलेंडर बंद होने के बाद स्टालों पर वेंडर केवल बिजली से चलने वाले हीटर का ही प्रयोग कर सकेंगे लेकिन उस पर इतनी जल्दी खाना तैयार नहीं हो सकेगा जितनी स्पीड से सिलेंडर से चलने वाले चूल्हे पर तैयार हो जाता हैं। ऐसे में अब लंबे रूट के मुसाफिरों को अपने साथ घर ही खाना पैक करके लाना होगा। उत्तर रेलवे की ओर से जल्द ही इस बारे में नोटिस भेज दिए जाएंगे।
दरअसल कुछ दिनों पहले पानीपत रेलवे स्टेशन पर पेट्रोमैक्स में आगजनी की घटना हो गई थी। मामला इतना तेजी से आगे बढ़ा था कि बाद में रेलवे मंत्रालय तक पहुंच गया था। इसके बाद रेल मंत्रालय की ओर से सभी मंडलों के स्टेशन अधीक्षकों को स्टेशन परिसर में सिलेंडर नहीं प्रयोग करने का आदेश जारी कर दिया गया था। साथ ही सभी स्टालों पर यह फरमान सभी स्टाल संचालक और बूथ वालों तक सर्कुलेट कर तत्काल प्रभाव से बंद करने को कहा गया था। लेकिन इसके बावजूद भी अंबाला में इन आदेशों की पालना नहीं की गई। जबकि अंबाला-दिल्ली रूट पर रोजाना 50 हजार से अधिक मुसाफिर विभिन्न ट्रेनों से सफर करते है और इनमें से हजारों यात्री अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों पर बने स्टालों पर गरमा गरम छोटे भटूरे या फिर छोले कुलचे खाकर अपना पेट भरते है। स्टालों पर सिलेंडर चलने के कारण मुसाफिरों को ताजा खाना परोसा जाता है ताकि उनकी सेहत न बिगड़े। लेकिन अब यह आदेश अंबाला स्टेशन पर भी अगले महीने से पूर्णता लागू करना होगा।
यहां बंद हो चुके गैस सिलेंडर
दरअसल अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर यह आदेश लागू होने से पूर्व नई दिल्ली, सोनीपत और सहारनपुर में पहले ही लागू हो चुके है। इन तीनों बड़े शहरों के स्टेशनों पर रेलवे की ओर से स्टालों पर चल रहे सिलेंडर पूरी तरह से बंद कर दिए गए है ताकि सिलेंडर के कारण किसी प्रकार की कोई घटना न हो।