सीमा सील, इनेलो व सिख जत्थेदारों को रोकेंगी पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियां
दीपक बहल, अंबाला शहर सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाइएल) मुद्दे पर पंजाब और हरियाणा के अि
दीपक बहल, अंबाला शहर
सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाइएल) मुद्दे पर पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों की बेचैनी बढ़ गई है। करीब साढ़े तीन घंटे के अंतराल में हरियाणा और पंजाब पुलिस के तमाम आलाधिकारियों का दोनों राज्यों की सीमा पर तांता लगा रहा। 23 फरवरी को प्रस्तावित इनेलो के एसवाईएल नहर खोदाई कार्यक्रम के मुद्दे को लेकर पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार से पैरामिलिट्री फोर्स की 21 कंपनियां तैनात करने की मांग की थी लेकिन सिर्फ पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियां ही मिल सकीं। इसके अलावा हरियाणा ने भी अन्य जिलों से पांच कंपनियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी है। वहीं हेलीकॉप्टर से बॉर्डर का मुआयना करने पहुंचे डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने हरियाणा के एडीजीपी डॉ. आरसी मिश्रा और अंबाला के पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल से इंतजामों को लेकर बातचीत की।
एसवाईएल मुद्दे को लेकर अंबाला पुलिस ने विभिन्न जिलों से पांच कंपनियां बार्डर पर तैनात करने की तैयारी को मंगलवार को अंतिम रूप दे दिया। यह कंपनियां सुरक्षा बनाने और यातायात रूट बाधित न हो, इसकी व्यवस्था पर ध्यान देंगे। हालांकि पंजाब पुलिस के आगे दो बड़ी चुनौतियां रहेंगी। एक चुनौती बार्डर पर लगाई गई धारा 144 का उल्लंघन न हो। इनेलो जहां एसवाईएल नहर की खोदाई का ऐलान कर चुकी है, वहीं इसी नहर को भरने के लिए पंजाब से भी ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट फेडरेशन और दल खालसा से सिख जत्थेदार देवीगढ़ में जुटेंगे। इनको संभालना पंजाब पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। इसी के चलते पैरामिलिट्री फोर्स की बार्डर पर और देवीगढ़ में व्यवस्था की गई है।
अटकी रही दिनभर सांसें, बार्डर पर तनाव
एसवाईएल के मामले पर पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों की सांसें अटकी हुई हैं। इनेलो अंबाला शहर की अनाज मंडी में एकत्रित होगी। तय कार्यक्रम के चलते इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा डीसी प्रभजोत ¨सह और एसपी अभिषेक जोरवाल से मिल चुके हैं। मंगलवार को दिन की शुरुआत से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का बार्डर पर आना-जाना लगा रहा। हरियाणा की सीमा में एक दिन पहले खोदे गए गड्ढों का भी अधिकारियों ने मुआयना किया, लेकिन पंजाब पुलिस ने इस मामले पर कन्नी काट ली। डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने दैनिक जागरण को बताया कि अभी तक इस बारे में हरियाणा की ओर से पत्र नहीं मिला है, जबकि डीसी प्रभजोत ¨सह ने प्रदेश के गृह सचिव को पत्र भेजकर इस मामले में दखल की सिफारिश कर दी है।
नहीं हो पाया हेलीकॉप्टर लैंड, हेलीपैड पर पहुंचकर दोबारा भरनी पड़ी उड़ान
डीजीपी पंजाब को पुलिस अधिकारियों की बैठक से पहले बार्डर का मुआयना करना था। डीजीपी के आने से पहले पंजाब के एसपी, एसएसपी, डीआइजी, आइजी और सीआइडी के एसपी मौके पर डट गए। डीजीपी के हेलीकॉप्टर आने की सूचना पर शंभू टोल प्लाजा के पास ही हेलीपैड की व्यवस्था की गई। करीब साढ़े तीन बजे डीजीपी सुरेश अरोड़ा का हेलीकॉप्टर लैंड करने लगा लेकिन उतर नहीं पाया और उसे हेलीपैड से ही दोबारा उड़ान भरनी पड़ी। 15 मिनट बाद हेलीकॉप्टर ने लैं¨डग की तब पुलिस ने राहत की सांसें ली।