15 मिनट में 58 सुअरों की 50 हजार में हो गई बोली
जागरण संवाददाता, अंबाला : नगर निगम सदर जोन कार्यालय अंबाला छावनी में 15 मिनट में 58 सुअरों क
जागरण संवाददाता, अंबाला : नगर निगम सदर जोन कार्यालय अंबाला छावनी में 15 मिनट में 58 सुअरों की 50 हजार में नीलामी कर दी गई। इन सभी सुअरों को नगर निगम ने बड़ी मशक्कत कर छावनी के विभिन्न एरिया से पकड़े थे, जिनकी बृहस्पतिवार को नगर निगम सदर जोन कार्यालय में बोली रखी गई थी। निगम अधिकारियों ने कहा कि छावनी को आवारा पशुओं से मुक्त कराने का अभियान शुरू कर दिया गया है और जो भी सुअर सड़कों पर घूमते हुए मिला तो उसे निगम पकड़ कर जब्त कर लेगा।
हालांकि नगर निगम का यह अभियान छावनी में सुविधाओं के अभाव में सफल नहीं हो पाया है। छावनी में 15 जनवरी तक न तो छावनी में गोशाला बन पाई और न ही आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए कोई वाहन खरीदा जा सका है। छावनी में अभी भी आवारा गाय घूम रही हैं। लेकिन सुविधाओं के अभाव में निगम प्रशासन ने आवारा सुअरों को ही पकड़ने का ही अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत छावनी में अब तक निगम प्रशासन 58 सुअर पकड़ गया है और दर्जनों सुअर के खुड्डे तोड़े हैं। हालांकि निगम प्रशासन ने खुड्डे तोड़ने की कार्रवाई में भेदभाव किया है क्योंकि निगम प्रशासन ने अपने ही कर्मचारी के खिलाफ खुड्डे तोड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया है। निगम दस्ते के सामने ही एक खुड्डे मालिक ने निगम के सुपरवाइजर के रोड पर बने हुए खुड्डा बना होने का आरोप जड़ा था जिसे निगम की टीम भूल गई है। इस भेदभाव पूर्व कार्रवाई से अन्य लोगों में कुंठा का आलम है। इन सब बातों की परवाह किए बिना ही निगम प्रशासन सूअर पकड़ने का अभियान जारी कर रखा है और बृहस्पतिवार को डिप्टी मेयर सुधीर जायसवाल के देखरेख में 40 हजार से बोली शुरू की गई। सभी सुअरों को साढौरा के रहने वाले और नागरिक अस्पताल में कार्यरत जीत राम ने 50 हजार रुपये की बोली लगाकर खरीद लिया है।