साँझ केंद्र का एसआई गायब, एएसआई शराब के नशे में
जासं, लुधियाना : पंजाब सरकार के सिंचाई मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों ने शनिवार दोपहर बाद साहनेवाल स्थित
जासं, लुधियाना : पंजाब सरकार के सिंचाई मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों ने शनिवार दोपहर बाद साहनेवाल स्थित पुलिस सांझ केंद्र में अचानक छापामारी की। जिस दौरान ड्यूटी में लापरवाही दिखाने वाले एसआई व एएसआई को मौके पर सस्पेंड कर दिया गया। जबकि अन्य मुलाजिमों को ड्यूटी में लापरवाही वरतने पर झाड़ पिलाई गई।
ढिल्लों के निजी सहायक सहजप्रीत सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि दोपहर बाद 3:45 बजे मारे गए छापे के दौरान देखा गया कि सांझ केंद्र का इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह हाजिरी लगी होने के बावजूद गायब था। जबकि छापे का पता चलने के बाद सहायक इंचार्ज एएसआई रणजीत सिंह सांझ केंद्र पहुंच गया। मगर वो शराब के नशे में था। ढिल्लों ने मौके पर हाजिर स्टाफ से काम के संबंध में जानकारी ली। साथ ही लोगों के काम में हो रही देरी के लिए झाड़ भी पिलाई। उन्होंने मौके पर ही कमिश्नर पुलिस प्रमोद बान को फोन करके मामले से अवगत कराते हुए दोनों को सस्पेंड करने के लिए कहा। जिसके बाद कमिश्नर पुलिस ने दोनों को सस्पेंड कर दिया।
ढिल्लों ने बताया कि पंजाब सरकार ने लोगों को सुविधा देने के मकसद से सांझ व सुविधा केंद्रों का निर्माण कराया है। मगर अफसरशाही अपनी ड्यूटी प्रति इमानदार तथा वचनबद्ध नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार की छापेमारी होती रहेंगी। आम लोगों को तंग परेशान करने वाले अफसरों को बख्शा नहीं जाएगा।