फेरे होने के बाद दुल्हन का हाई वोल्टेज ड्रामा
जागरण संवाददाता, अंबाला : शुक्रवार को फेरे होने के बाद एक दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से मना कर दिया। जिसको मनाने के लिए करीब दो घंटे तक छावनी के एक गांव हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा। मौके पर महेश नगर थाना पुलिस के साथ शहरी डीसीपी कार्यालय से बकायदा एक महिला वारंट ऑफिसर भी मौजूद थीं। जिसने दुल्हन के बयान दर्ज किए। लेकिन बाद में दुल्हन ने दूल्हे के साथ घर जाने के लिए हामी भर दी।
छावनी के एक गांव में सुबह से शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात समय पर गांव में पहुंची और खुशी के साथ दुल्हन के परिजनों ने बारात का स्वागत कर चाय पानी व दोपहर के खाने का न्योता भी दिया। पंडाल में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। खाना खाने से पहले रिबन कटाई की रस्म भी अदा की गई। समारोह में मौजूद रिश्तेदारों ने बताया कि शादी से एक दिन पहले रात को दुल्हन ने नाचकर अपनी शादी की खुशी भी जाहिर की। शुक्रवार को खुशी-खुशी दूल्हा-दूल्हन शादी की रिबन कटाई से लेकर फेरे होने तक की रस्म अदा हो चुकी थी। फेरे होने के बाद दोनों शादी के लगाए गए पंडाल में बैठकर खाना खाने ही लगे थे कि दुल्हन के फोन की एक घंटी बजी। दुल्हन ने पंडाल के साथ में बने एक कमरे में जाकर फोन को भी सुना और उसके बाद अंदर से हंसते-हंसते पंडाल में से दोबारा वापस लौट आई। जिसके कुछ ही देर के बाद महेश नगर थाना पुलिस शहरी डीसीपी कार्यालय से महिला वारंट ऑफिसर मौके पर पहुंची। पुलिस को शादी के पंडाल में देखकर सब हैरान रह गए। पुलिस ने दुल्हन व उसके बाप का नाम पूछा। नाम पूछने के बाद ही दुल्हन को वारंट ऑफिसर कमरे में ले गई और उससे पूछताछ करने लग गई। दुल्हन के परिजनों के पूछने पर वारंट ऑफिसर ने परिजनों को बताया कि डीसीपी कार्यालय में फोन कर किसी ने सूचना दी थी कि लड़की की उम्र कम है और उसके मां बाप उसकी शादी जबरदस्ती कर रहे हैं। जिसकी सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। इस बात को सुनने के बाद परिजनों के पैरों तले की जमीन खिसक गई और खुशियां पर एक बार तो ग्रहण सा लग गया। घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी मेयर दुर्गा सिंह अत्री भी मौके पर पहुंचे और दुल्हन के परिजनों संग दुल्हन की नाराजगी पूछी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों संग दुल्हन को भी मिलवाया और काफी देर बाद युवती मान गई। हाई वोल्टेज के ड्रामे के बाद दूल्हा व दुल्हन के साथ काफी देर बातचीत हुई और दोनों हंसते नजर आए। इसके बाद दुल्हन दूल्हे संग अपने ससुराल में चली गई। पुलिस को दिए बयान में दुल्हन ने इस मामले में गलती मानी है और दूल्हे के साथ जाने के लिए राजी हो गई।