श्रद्धा से स्थापित की मूर्ति
जागरण संवाद केंद्र, अंबाला : छावनी के खटीक मंडी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में युवा खटीक संघ की ओर से चौथी बार भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना की गई। इस दौरान पंडित दिनेश पुरोहित ने संस्कृत के श्लोक व मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान से भगवान सिद्धि विनायक की प्रतिमा की स्थापना की। इसमें श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। भगवान गणेश को लड्डू, केला, मोदक का भोग लगाया गया। महिला मंडली की ओर से भजन कीर्तन किया गया। मंदिर को बिजली की रंग बिरंगी लड़ियों से सजाया गया है। भक्तों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। यह कार्यक्रम सात दिन तक चलेगा। प्रधान बिरेंद्र ने बताया कि पिछले तीन साल से भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना कर रहे हैं। इस बार यह चौथा साल है जब भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना किया गया है। इसमें भगवान की सुबह शाम पूजा अर्चना कर आरती की जाएगी। शाम में महिला मंडली की ओर से भजन कीर्तन किया जाएगा। इस मौके पर मीना, लवली, पूनम, संगीता, यशोदा नैनीवाल, रानी मल्होत्रा, नंदिनी, सावित्री, सरिता, हर्ष, नरेंद्र, अमित, विक्की, अरूण आदि मौजूद रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर