मिल्की वे में मिला सूर्य से तीस गुना बड़ा तारा
मिल्की वे में सूर्य से तीस गुना बड़े तारे का पता लगाया है। यह सूर्य से तकरीबन 11 हजार प्रकाश वर्ष की दूरी पर स्थित है।
लंदन, प्रेट्र। ब्रिटेन के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने मिल्की वे में सूर्य से तीस गुना बड़े तारे का पता लगाया है। यह सूर्य से तकरीबन 11 हजार प्रकाश वर्ष की दूरी पर स्थित है। इसकी मदद से विशालकाय तारों के निर्माण की प्रक्रिया को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है। हमारा सौरमंडल भी मिल्की वे में ही स्थित है।
कैंब्रिज विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के एक दल ने इस तारे का पता लगाया है। इसके लिए हवाई में स्थित सबमिलीमीटर ऐरे (एसएमए) और कार्ल जी जांस्की वेरी लार्ज ऐरे (वीएलए, न्यू मैक्सिको) दूरबीन की मदद ली गई थी। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने बताया कि यह तारा अब भी निर्माण की प्रक्रिया में है। इसमें दस लाख वषर्ष से भी ज्यादा का समय लगेगा। विशेषज्ञों ने उम्मीद जाहिर की है कि प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इसका आकार बड़ा हो सकता है। यह तारा इंफ्रारेड से भरपूर घने बादलों के बीच स्थित है। यहां का तापमान बहुत कम है। मालूम हो कि अंतरिक्ष में मौजूद गैस और धूल-कण से तारों का निर्माण होता है।