भाजपा के चार विधायकों ने गांधीनगर विधानसभा में शपथ ली
BJP MLA. भाजपा के चार विधायकों ने गांधीनगर विधानसभा में शपथ ली। भाजपा विधायकों की संख्या अब बढ़कर 105 हो गई है।
अहमदाबाद, जेएनएन। विधानसभा उपचुनाव में विजेता बने भाजपा के चार विधायकों ने गांधीनगर विधानसभा में शपथ ली। भाजपा विधायकों की संख्या अब बढ़कर 105 हो गई है। शपथ के बाद डॉ आशा पटेल ने कहा कि कांग्रेस में प्रबंधन अनुशासन नहीं, जिससे 34 विधायक नाराज थे।
विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी ने अपनें चेंबर में इन चारों विधायकों को शपथ दिलाई। लोकसभा चुनाव से पहले ये विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा के साथ आ गए थे। इनमें से माणावदर सीट से उपचुनाव जीतने वाले जवाहर चावडा कैबिनेट मंत्री बना दिए गए थे। शपथ ग्रहण के बाद खुद अध्यक्ष ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर मुंहमीठा कराया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी, मंत्रीमंडल के सदस्य भूपेंद्र सिंह चूडास्मा, प्रदीप सिंह जाडेजा भी यहां मौजूद थे। डॉ आशा पटेल ऊंझा से, राघवजी पटेल जामनगर ग्रामीण से तथा पुरुषोत्तम साबरिया ध्रांगध्रा से विधायक चुने गए हैं।
डॉ़ आशा बेन पटेल ने पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस में प्रबंधन व अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं है। वहां उन्हें आगे बढ़ने की कोई गुंजाइश नजर नहीं आ रही थी, नेता वहां किसी की नहीं सुनते हैं इसलिए उस वक्त 30 से 34 विधायकों में नाराजगी थी। आशाबेन के मुताबिक, भाजपा में एक कार्य संस्कृति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व से आकर्षित होकर ही वे भाजपा में शामिल हुई हैं, ताकि जनता का अधिक से अधिक भला कर सकूं।
उनके मुताबिक, कांग्रेस के टिकट पर वे 18 हजार मतों से चुनाव जीती थी और भाजपा के टिकट पर 23 हजार मतों से चुनाव जीती हैं, उनके पार्टी छोड़ने के बाद मतदाताओं में नाराजगी की अटकलें चली थी, इसलिए उन्होंने यह बात कही। राघवजी पटेल ने कहा कि वे छठी बार विधायक चुने गए हैं। गत विधानसभा चुनाव से पहले ही उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का मन बना लिया था।
गौरतलब है कि अगस्त 2017 में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायक होकर भी उन्होंने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा प्रत्याशी के पक्षमें मत दिया था, लेकिन बाद में उनका मत रद हो गया था। भाजपा को 99 सीट पर जीत मिली थी, उसके बाद निर्दलीय रतन सिंह व कांग्रेस विधायक कुंवरजी बावलिया भाजपा में शामिल हो गए थे। अब चार और विधायकों के आने से भाजपा की विधानसभा सदस्यों की संख्या 105 हो गई है।
गुजरात की जनता ने 2019 में 2014, 2017 से भी अधिक मत दिए हैं। भाजपा की झोली भर दी है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को 99 सीट मिली थी, जो अब बढकर 105 हो गई है
-विजय रूपाणी, मुख्यमंत्री, गुजरात।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप