अस्पताल की लिफ्ट में 45 मिनट तक फंसी रही हार्ट पेशेंट महिला की मौत
सिविल अस्पताल में 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहने के कारण एक हार्ट पेशेंट महिला की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे लिफ्ट से चौथे माले पर स्थित आईसीयू में भर्ती करने के लिए ले जाया जा रहा था।
सूरत। सिविल अस्पताल में 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहने के कारण एक हार्ट पेशेंट महिला की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे लिफ्ट से चौथे माले पर स्थित आईसीयू में भर्ती करने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी बीच तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बंद हो गई। लिफ्ट में डॉक्टर, दो नर्स व एक कर्मचारी भी था।
लिफ्ट दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच फंसी थी। डॉक्टर व नर्स की आवाज सुनकर अस्पताल स्टाफ ने लिफ्ट खोलने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। ब्रिगेड के जवानों ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट तोड़कर सभी को बाहर निकाला। हालांकि तब तक वैशालीबेन मराठी (मरीज) की मौत हो चुकी थी।
लिफ्ट के अचानक बंद होने और इसके बाद फायर ब्रिगेड द्वारा लिफ्ट तोड़े जाने की घटना के बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया था। इसके बाद जब महिला की मौत की खबर पाते ही उसके परिजन ने हंगामा मचा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को भी स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।