मृत पुत्र के जन्मदिन पर खोली बैंक, रोजाना 1000 लोगों को खिलाएंगे खाना
तीन साल पहले सड़क हादसे में बेटे को गंवा चुके पिता ने उसका जन्मदिन ऐसे मनाया कि लोगों के जेहन में वह हमेशा याद बनकर जिंदा रहे।
सूरत। तीन साल पहले सड़क हादसे में बेटे को गंवा चुके पिता ने उसका जन्मदिन ऐसे मनाया कि लोगों के जेहन में वह हमेशा याद बनकर जिंदा रहे। तीन साल से वह हर साल बेटे के जन्मदिन पर 15 अगस्त को सामाजिक सरोकार के काम कर उसे याद करते हैं। थेपला बैंक की स्थापना की, जो रोजाना एक हजार गरीबों को थेपले (बेसन-मैथी के परांठे) खिलाएगी।
रांदेर रोड स्थित सिनेमा हॉल के मालिक पुखराज शाह के बेटे रोहित शाह की तीन साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह 15 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाने दोस्तों के साथ गोवा गया था और दुर्घटना का शिकार हो गया। उसके पिता पुखराज हर साल 15 अगस्त को उसका जन्मदिन मनाते हैं। फर्क इतना है कि अब जन्मदिन पर धूमधाम नहीं होती, सामाजिक सरोकार के बहाने वह बेटे को याद कर लेते हैं। उन्होंने रोहित के जन्मदिन पर थेपला बैंक की स्थापना की। रोहित के नाम पर बनी बैंक से रोजाना एक हजार गरीबों को थेपले खिलाए जाएंगे।
अनोखे तरीक से मनाया बेटे का जन्मदिन
पुखराज ने अनोखे तरीके से बेटे का जन्मदिन बनाया। उन्होंने अंधजन स्कूल, निशक्तजनों के स्कूल, बालाश्रम और चिल्ड्रन होम के बच्चों तथा वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ मनाया। इस दौरान सबको खाना खिलाया और फिल्म भी दिखाई।