मां-बाप अमेरिका पहुंचते, इससे पहले ही खत्म हो गया पूरा परिवार
एक सड़क दुर्घटना में चालक सहित 11 लोगों की मौत हो गई। इसमें 6 मृतक एक ही परिवार के थे। हादसा सोमवार तड़के 3 बजकर 30 मिनट पर ठाणे के नजदीक एनएच 8 पर हुआ।
सूरत। महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर के पास हुई एक सड़क दुर्घटना में चालक सहित 11 लोगों की मौत हो गई। इसमें 6 मृतक एक ही परिवार के थे। हादसा सोमवार तड़के 3 बजकर 30 मिनट पर ठाणे के नजदीक एनएच 8 पर हुआ। मरने वालों में पांच साल की एक बच्ची भी शामिल है। सभी लोग एक मिनी बस में सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओलपाड तहसील के सिथल गांव के प्रवीणभाई पटेल पत्नी दक्षाबेन के साथ रविवार रात अमेरिका रवाना हुए। उनकी फ्लाइट मुंबई से थी। इसलिए परिवार व अन्य रिश्तेदार उन्हें विदाई देने मुंबई आए थे। सभी लोग एक मिनी बस में सवार होकर मुंबई पहुंचे थे। रात में ही प्रवीणभाई और दक्षाबेन अमेरिका के लिए रवाना हो गए थे और अब अन्य लोग वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तड़के सुबह मुंबई-गुजरात हाईवे पर तलसाडी गांव के पास मिनी बस एक लग्जरी बस से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरी मिनी बस के परखच्चे उड़ गए। मिनी बस चालक सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य 6 ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों के 6 लोग प्रवीणभाई और दक्षाबेन के बेटे-बेटियां थे।
इसकी जानकारी प्रवीणभाई और दक्षाबेन को प्लेन में दे दी गई थी। अब प्रवीणभाई लंदन पहुंचने के बाद वापस स्वदेश लौटेंगे। उनके लौटन तक शवों को कोल्ड स्टोरोज में रखा गया है।