दो गुटों में खूनी संघर्ष, पथराव के साथ जमकर चलीं तलवारें
शहर के बेगमगंज क्षेत्र में बाइक पर क्रिकेट की गेंद लगने को लेकर विवाद के बाद दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। दोनों तरफ से हुए जमकर पथराव में एक दर्जन से भी अधिक लोग घायल हो गए।
सूरत। शहर के बेगमगंज क्षेत्र में बाइक पर क्रिकेट की गेंद लगने को लेकर विवाद के बाद दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। दोनों तरफ से हुए जमकर पथराव में एक दर्जन से भी अधिक लोग घायल हो गए। कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। घटना से अब भी इलाके में तनाव की स्थिति है।
बेगमगंज पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर मोहल्ले में कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। वहीं, एक परिवार में एक सदस्य की मौत होने के चलते घर में रिश्तेदार जमा थे। इसी बीच अचानक बॉल घर में बैठे एक सदस्य को लग गई। इसी बात पर घर में मौजूद सभी लोग युवकों को पास आए और उन्हें फटकारने लगे। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के लोग डंडे, सरिए, तलवार जैसे हथियारों के साथ एक-दूसरे पर टूट पड़े। जमकर पथराव भी शुरू हो गया। कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई।
खबर मिलते ही बेगमगंज पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए महिधरपुरा और चौक बाजार पुलिस को भी बुला लिया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस हिंसक झड़प में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। घायलों को न्यू सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।