गुजरात में भारी तबाही मचा सकता है नीलोफर
सूरत। आंध्रप्रदेश और ओडिसा में भारी तबाही मचाने वाले चक्रवाती तूफान 'हुदहुद' के बाद अब उत्तार गुजरात
सूरत। आंध्रप्रदेश और ओडिसा में भारी तबाही मचाने वाले चक्रवाती तूफान 'हुदहुद' के बाद अब उत्तार गुजरात के तटीय इलाकों में नए चक्रवाती तूफान 'नीलोफर' का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि यह 31 अक्टूबर को गुजरात पहुंच सकता है। 'नीलोफर' अभी 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। गुजरात से पहले यह कराची में तबाही मचा सकता है।
सांसद परिमल नथवाणी ने नीलोफर के बारे में ट्वीट किया है कि अभी भी लगभग 4000 बोट्स गुजरात के मध्य समुद्र में हैं। नीलोफर के बारे में अलर्ट घोषित किए जाने के बाद मछुआरों के परिवारजनों में दहशत फैल गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
उत्तार गुजरात के तटीय इलाकों में प्री-साइक्लोन वॉच की घोषणा करने के बाद मौसम विभाग ने अपने अपडेट में बताया है कि नीलोफर चक्रवात रविवार दोपहर मुंबई किनारे से 1217 किलोमीटर दूर अरब सागर में है। यह गुजरात के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश को भी प्रभावित कर सकता है। तूफान के खतरे को देखते हुए गुजरात सरकार ने कंडला पोर्ट पर अलर्ट जारी कर दिया है।