मध्य प्रदेश के पानी से खिल उठी हीरानगरी
सूरत। मध्य प्रदेश में हो रही लगातार बारिश से सूरत का सबसे बड़ा ऊकाई डैम ओवरफ्लो हो चुका है। कुछ समय पहले तक जिले में सूखा पड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही थी। इससे लोगों में चिंता की लहर दौड़ गई थी। जगह-जगह पूजा-अर्चना और दुआएं की जा रही थीं। इसी बीच मध्य प्रदेश की ताप्ती नदी खुशियां लेकर गुजरात पहुंच गई। ताप्ती ने ऊकाई डैम को लबालब कर दिया है। इसी के चलते शनिवार रात को बांध से पहली बार डैम से लगभग 85 हजार क्युसेक पानी छोड़ा गया।
रविवार को जब यह पानी सूरत शहर के बीच से गुजरा तो इसका मनोरम दृश्य देखने लोग किनारों पर जमा हो गए और रविवार की छुट्टी का लुत्फ उठाया। वहीं, मध्य प्रदेश के अलावा अब गुजरात में भी झमाझम बरसात का दौर शुरू हो गया है। जिससे राज्य के कई डैम भरने लगे हैं।
ताप्ती ने बचाया सूखे की मार से
ताप्ती नदी, जिसे सूरत में लोग 'तापी' के नाम से पुकारते हैं, उसका जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से निकलने वाली ताप्ती नदी महाराष्ट्र और गुजरात से होते हुए अरब सागर में मिलती है। गुजरात में ताप्ती सूरत के बड़े भू-भाग से होकर गुजरती है। यह पूरे सूरत जिले की जीवनदायिनी नदी है।