आसाराम के खिलाफ गवाही देने वालों पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म के आरोपी आसाराम-नारायण के मामलों से जुड़े गवाहों पर जानलेवा हमले और हत्या के आरोप में सोमवार को पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। ये आसाराम के आश्रम से जुड़े साधक हैं। दोनों को चार दिन की रिमांड पर सौंपा गया है।
अहमदाबाद। दुष्कर्म के आरोपी आसाराम-नारायण के मामलों से जुड़े गवाहों पर जानलेवा हमले और हत्या के आरोप में सोमवार को पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान बासवराज उर्फ वासु अवन्ना तल्लोई (बीजापुर-कर्नाटक) एवं सेजल उर्फ ज्योति महेशभाई प्रजापति (दमण) के रूप में हुई है। ये आसाराम के आश्रम से जुड़े साधक हैं। दोनों को चार दिन की रिमांड पर सौंपा गया है।
आसाराम के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले पूर्व वैद्य अमृत प्रजापति और अखिल गुप्ता नामक साधकों की हमलों में मौत हो चुकी है। वासु को मुख्य आरोपी बताया गया है। इसके साथ 18 लोगों की टीम थी जो टार्गेट की रेकी सहित अन्य काम करती थी। सूरत में देशभर से आए 18 साधकों की बैठक में तय किया गया था कि आसाराम के खिलाफ जाने वालों को सबक सिखाया जाएगा। पूरे मामले का नेतृत्व वासु कर रहा था।
वासु-सेजल गवाह बने साधकों की गतिविधि पर नजर रखते थे। टार्गेट-हमले करने के लिए पैसों के इंतजाम की जिम्मेदारी पुनीत-शैलेंद्र सुनील को सौंपी गई। रेकी बाद किसे टार्गेट किया जाएगा, यह अर्जुन वकील, पुनीत, सुनील एवं शैलेंद्र तय करते थे।