अहमदाबाद में मिला बर्ड फ्लू का मामला
बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद महानगर के पक्षी प्रेमियों में अफरातफरी का माहौल है। पशुपालन विभाग ने बर्ड फ्लू पाए जाने पर पूर्वी अहमदाबाद के एक फार्म हाउस में 900 चीनी मुर्गी गिनी फाउल को मार दिया है।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद महानगर के पक्षी प्रेमियों में अफरातफरी का माहौल है। पशुपालन विभाग ने बर्ड फ्लू पाए जाने पर पूर्वी अहमदाबाद के एक फार्म हाउस में 900 चीनी मुर्गी गिनी फाउल को मार दिया है।
एनिमल फाउंडेशन को किसी ने सूचना दी कि अहमदाबाद के वस्त्राल में करीब 900 गिनी फाउल चीनी मुर्गियां खुले में छोड़ दी गई हैं। इसके बाद उन्हें आशा हाथीजण इलाके के फार्म हाउस में ले जाया गया जहां जांच कराने पर उनमें बर्ड फ्लू पाया गया। सूचना मिलते ही पशुपालन विभाग की टीम वहां पहुंची तथा फार्म हाउस की सभी 900 मुर्गियों को मारने का फैसला किया। बुधवार को पशुपालन विभाग ने अन्य फार्म हाउस के पक्षियों की जांच की तथा घरों में पल रहे मुर्गे-मुर्गियों और अन्य पक्षियों की भी जांच कराने की अपील की है। विभाग ने घर-घर जाकर जांच के लिए टीम बनाई है। बताया जा रहा है कि गत दिनों छह लोग इलाहाबाद से चीनी मुर्गियां लेकर आए थे। वे मुर्गियों में अज्ञात बीमारी का पता चलने के बाद उन्हें खुले में छोड़कर चले गए थे। इसके अलावा इनमें से कई को अलग-अलग इलाकों में बेचे जाने की खबर से प्रशासन में हड़कंप मचा है।