सैनिकों के साथ बर्बरता के विरोध में सड़क पर पेंट कर दिया पाक का झंडा
कश्मीर में भारतीय सैनिकों के शवों के साथ बर्बरता करने वाले पाकिस्तान के खिलाफ लोगों को गुस्सा फूट रहा है।
अहमदाबाद, आणंद। कश्मीर में भारतीय सैनिकों के शवों के साथ बर्बरता करने वाले पाकिस्तान के खिलाफ लोगों को गुस्सा फूट रहा है। ताजा मामला गुजरात के आणंद का है जहां पर लोगों ने पाकिस्तान का झंडा सड़क पर पेंट कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस ने उस जगह पर सफेद पेंट करा दिया। यहां के स्थानीय लोगों ने पाकिस्तान का झंडा पहले सड़क पर पेंट किया उसके बाद उस पर जूते चप्पल के साथ चढ़ गए।
फिलहाल पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। आपको बता दें कि कश्मीर में पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया था और फायरिंग की आड़ में दो भारतीय सैनिकों की हत्या कर दी थी और उनके शव को क्षत विक्षत कर दिया था। इस घटना के बाद देश के लोगों को गुस्सा फूट पड़ा और अपने अपने तरीके से विरोध जताया।
भारतीय सेना ने एक बयान जारी करते हुए बताया था कि पाकिस्तान ने कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर दो अग्रिम चौकियों पर बिना उकसावे के रॉकेट और मोर्टार दागे। इसी वक्त बीएटी ने दोनों चौकियों के बीच गश्त अभियान पर कार्रवाई शुरू की। बयान में कहा गया है कि गश्त पर तैनात हमारे दो सैनिकों के शवों को विकृत करके पाकिस्तानी सेना ने सैनिकों जैसे व्यवहार नहीं किया है।