एक भी MLA भाजपा में नहीं जाएगा, CM प्रत्याशी की घोषणा चुनाव के बाद
वाघेला ने कहा कि कांग्रेस का एक विधायक भी भाजपा में नहीं जाएगा। इसके सीएम पद के प्रत्याशी की घोषणा चुनाव के बाद की जाएगी।
अहमदाबाद, गांधीनगर। शंकर सिंह वाघेला भाजपा में जाएंगे, इस तरह की अफवाह काफी समय से चल रही है। इस अफवाह के बीच कांग्रेस के एक पोस्टर में वाघेला की तस्वीर न होने से इस अफवाह को बल मिला था। यह पोस्टर कांग्रेस के प्रभारी अशोक गहलोत के सम्मान में लगाया गया था। एक प्रेस कांफ्रेंस में वाघेला ने कहा कि कांग्रेस का एक विधायक भी भाजपा में नहीं जाएगा। इसके सीएम पद के प्रत्याशी की घोषणा चुनाव के बाद की जाएगी।
मैं भाजपा के किसी नेता के सम्पर्क में नही
गहलोत-वाघेला के बीच गहन चर्चा हुई। जिसमें कांग्रेस की वर्तमान स्थिति और पिछले काफी समय से फैलाई गई अफवाह और राजनीतिक भ्रम पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बाद में प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि मैं किसी भी भाजपा नेता के सम्पर्क में नहीं हूं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीन सालों में प्रजा को काफी नुकसान हुआ है। मेरी अशोक गहलोत से तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई है।
गहलोत ने कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ बैठक की
गुजरात कांग्रेस के प्रभारी अशोक गहलोत ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी, पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल सहित कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने शहर के कार्पोरेटर्स से भी विचार-विमर्श किया।