गुजरात डिप्टी सीएम के नशे में धुत बेटे को उड़ान से रोका
उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल के बेटे को नशे में धुत होने के कारण कतर एयरवेज के विमान में सवार होने से रोक दिया गया।
अहमदाबाद, आइएएनएस। गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल के बेटे को नशे में धुत होने के कारण कतर एयरवेज के विमान में सवार होने से रोक दिया गया। एयरवेज कर्मचारियों के साथ उनकी बहस भी हुई थी। यह मामला अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार तड़के चार बजे का है। विमान ग्रीस के लिए उड़ान भरने वाला था।
अधिकारियों के मुताबिक, जैमिन पटेल, उनकी पत्नी झलक और बेटी वैश्वी उड़ान में सवार होने के लिए आए थे। जैमिन पूरी तरह नशे की हालत में थे और ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। वह इमिग्रेशन और अन्य जांच के लिए ह्वीलचेयर पर लाए गए थे। नशे की हालत में उनकी एयरवेज के कर्मचारियों के साथ बहस हुई जिसके बाद उन्हें विमान में सवार होने से रोक दिया गया। गौरतलब है कि विमान यात्रा से रोकने के लिए उपद्रवी यात्री की सूची बनाने की चर्चा है। सरकार विमान में उपद्रवी यात्री के खिलाफ सख्त सजा पर विचार कर रही है।