शाह का कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान
अमित शाह शुक्रवार को दक्षिण गुजरात के वलसाड में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
अहमदाबाद, शत्रुघ्न शर्मा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में 150 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को गुजरात में जीत का सपना देखना छोडऩे की सलाह दी है। कहा कि इसके बावजूद कांग्रेसी नेताओं को ऐसे सपने आते हैं तो उन्हें भाजपा सम्मेलनों की तस्वीरें देख लेनी चाहिए। हर हाल में भाजपा ही जीत हासिल करेगी क्योंकि वह जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है।
अमित शाह शुक्रवार को दक्षिण गुजरात के वलसाड में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, कांग्रेस के राज में गुजरात में अंधेरा था, आए दिन कफ्र्यू लगते थे, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद से 24 घंटे बिजली आती है। प्रदेश कफ्र्यू मुक्त बन गया है। कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन भाजपा ने उन्हें 13 लाख एकड़ जमीन दी है।
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह यहां चुनाव जीतने का सपना देखना बंद करें। उन्होंने कांग्रेस मुक्त भारत का आह्वान करते हुए कहा कि गुजरात में कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकना है। शाह ने कांग्रेस को अपनी पार्टी संभालने की नसीहत दी। कहा, सूबे में हर रोज कांग्रेस के दो नेता रूठ जाते हैं। अमित शाह ने प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर अहमदाबाद सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू भाई वाघाणी, गुजरात भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश महासचिव भिखूभाई दलसाणिया आदि से
मुलाकात की।