आप विधायक गुलाब सिंह सूरत से गिरफ्तार
दिल्ली के आम आदमी पार्टी (आप) विधायक और पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह यादव को दिल्ली पुलिस ने रविवार को सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। व्यापारी से अवैध वसूली के मामले में यादव को गिरफ्तार किया गया। आप विधायक सूरत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जनसभा की तैयारी के लिए आए थे।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। दिल्ली के आम आदमी पार्टी (आप) विधायक और पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह यादव को दिल्ली पुलिस ने रविवार को सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। व्यापारी से अवैध वसूली के मामले में यादव को गिरफ्तार किया गया। आप विधायक सूरत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जनसभा की तैयारी के लिए आए थे। जनसभा से पहले उनकी गिरफ्तारी हुई। पिछले दिनों दिल्ली की अदालत ने उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया था।
दिल्ली पुलिस रविवार सुबह सूरत पहुंची थी जिसके बाद यादव ने खुद सूरत पुलिस मुख्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले यादव ने पत्रकारों को बताया कि केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। केजरीवाल की यात्रा को भारी समर्थन मिल रहा है। गुजरात में 20 साल के कुशासन की पोल खुल रही है जिसके चलते भाजपा घबराहट में उन्हें फंसा रही है।
यादव ने कहा वे डरने वाले नहीं हैं, वारंट निकलने के बाद उन्होंने दिल्ली के पुलिस थाना प्रभारी से लिखित में कहा था कि 16 अक्टूबर की जनसभा के बाद वे बयान देने हाजिर होंगे लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंच गई। इस बीच सूरत रवाना होने से पहले वडोदरा में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप विधायक को रैली में बाधा पहुंचाने के इरादे से गिरफ्तार किया गया। लेकिन हम इससे डरने वाले नहीं हैं। यह मेरी नहीं बल्कि गुजरात के लोगों की रैली है।