कॉमेडी सीरियल 'लापतागंज' के निर्माता गिरफ्तार
सब टीवी पर प्रसारित होने वाले लोकप्रिय धारावाहिक 'लापतागंज' के निर्माता अश्वनी वीरसिंह धीर को वाल्मीकि समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप
मुंबई (सौरभ वक्तानिया)। सब टीवी पर प्रसारित होने वाले लोकप्रिय धारावाहिक 'लापतागंज' के निर्माता अश्वनी वीरसिंह धीर को वाल्मीकि समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
पंजाब पुलिस ने मंगलवार को उन्हें मुंबई स्थित फिल्मसिटी से गिरफ्तार किया। धीर को बांद्रा की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया। पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सीरियल के नौ लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में लुधियाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि दो साल पहले धारावाहिक के निर्माता, लेखक, कलाकार और अन्य के खिलाफ वाल्मीकि समुदाय के अपमान का केस दर्ज कराया गया था। पुलिस को अन्य आरोपियों की अभी भी तलाश है। सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस की टीम इससे पहले तीन बार धीर की तलाश में मुंबई आ चुकी थी, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका था। मंगलवार को धीर के फिल्म सिटी में होने की खबर मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।