कंगना के वकील ने कहा, रितिक रोशन कानूनी नोटिस वापस लें
बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनोट ने अभिनेता रितिक रोशन पर खुद को बचाने के लिए मुद्दे को भटकाने और मीडिया ट्रायल का सहारा लेने का आरोप लगाया है।
मुंबई। बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनोट ने अभिनेता रितिक रोशन पर खुद को बचाने के लिए मुद्दे को भटकाने और मीडिया ट्रायल का सहारा लेने का आरोप लगाया है। कंगना के वकील ने रितिक से कानूनी नोटिस वापस लेने या फिर कार्रवाई का सामना करने को कहा है।
29 वर्षीय कंगना के वकील रिजवान सिद्दिकी ने मंगलवार को एक बयान जारी करके कहा कि अभिनेत्री कंगना इस मामले को खत्म करना चाहती हैं। अगर रितिक नोटिस वापस ले लेंगे। नोटिस वापस लेना सबसे सही रहेगा और यही एक विकल्प है। अन्यथा मीडिया ट्रायल और मुद्दे को भटकाने से हालात और बिगड़ सकते हैं। और इससे न्याय मिलने की प्रक्रिया ही और जटिल होती जाएगी और बार-बार मेरे मुवक्किल (कंगना) को इसकी प्रतिक्रिया देनी पड़ेगी।
रितिक विवाद में पुलिस ने बुलाया थाने तो कंगना ने किया इंकार
उल्लेखनीय है कि कंगना ने यह रुख तब अख्तियार किया जब रितिक ने कंगना को कानूनी नोटिस भेजकर उन्हें 'सिली एक्स' कहने पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा। 42 वर्षीय रितिक ने इसी फरवरी के महीने में कंगना को कानूनी नोटिस भेजा था। इसके जवाब में कंगना ने रितिक को 21 पेज का कानूनी नोटिस भेजा था। और उन पर धमकी देने का आरोप लगाया था। कंगना के वकील ने कहा कि रितिक ने अभी तक कंगना के एक मार्च के कानूनी नोटिस का जवाब नहीं दिया है।