Box Office पर दिखा बाहुबली की देवसेना का बल, भागमती 50 करोड़ से बस इतनी दूर
फिल्म भागमती में अनुष्का के साथ जयराम, उन्नी मुकुन्दन, आशा सरथ और मुरली शर्मा ने काम किया है।
मुंबई। भारतीय सिनेमा की सबसे कमाऊ फिल्मों में से एक बाहुबली में देवसेना का किरदार निभाने वाली दक्षिण की मशहूर अभिनेत्री अनुष्का शेट्टी की फिल्म भागमती ने बॉक्स ऑफ़िस पर चार दिन में अपना दम दिखाया है और फिल्म अब पचास करोड़ का कलेक्शन करने के और पास पहुंच गई है।
एक तरफ़ जब हिंदी सहित तीन भाषाओं में रानी पद्मिनी की कहानी पर पद्मावत रिलीज़ हुई तो उसके एक दिन बाद यानि 26 जनवरी को तमिल, तेलुगु और मलयालम में बनी फिल्म भागमती को रिलीज़ किया गया। इस फिल्म ने 1200 स्क्रीन्स में रिलीज़ हो कर अब तक 40 करोड़ रूपये का कलेक्शन कर लिया है। इसमें 28 करोड़ 35 लाख रूपये भारत से और सात करोड़ 65 लाख ओवरसीज से हासिल हुए हैं। सोमवार को वर्ल्डवाइड चार करोड़ का कलेक्शन आया है।
जी अशोक के डायरेक्शन में बनी भागमती एक पीरियड फिल्म है जिसमें अनुष्का लीड रोल में हैं और फिल्म के फर्स्ट लुक से ही ये फिल्म चर्चा में रही। अनुष्का के साथ आया पहला लुक बड़ा ही रहस्यमय था । एक हाथ में हथौड़ा और दूसरे हाथ में ज़ख्म । मानो ख़ुद से ही हथेली पर कील ठोंक दी हो। अनुष्का का अचानक बदलता अवतार और एक उड़ते कौवे का भी सस्पेंस है भी लोगों की उत्सुकता जगा रहा था।
हॉरर और थ्रिलर एलिमेंट के साथ बनी इस फिल्म ने पहले दिन वर्ल्ड वाइड 12 करोड़ रूपये का कलेक्शन किया। फिल्म भागमती में अनुष्का के साथ जयराम, उन्नी मुकुन्दन, आशा सरथ और मुरली शर्मा ने काम किया है। अनुष्का की अरुंधति और रुद्रम्मादेवी ने भी बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन किया था।