ज्वैलरी चुराने के आरोप में टीवी अभिनेत्री गिरफ्तार
ज्वैलरी चुराने के आरोप में मुंबई पुलिस ने भावना विश्वकर्मा उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि नेहा टीवी अभिनेत्री हैं।
मुजफ्फरनगर। ज्वैलरी चुराने के आरोप में मुंबई पुलिस ने भावना विश्वकर्मा उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि नेहा टीवी अभिनेत्री हैं।
शहर कोतवाली के उत्तरी रामपुरी मोहल्ला निवासी टीवी अभिनेत्री को जेवरात चोरी के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद मुंबई पुलिस ने शहर सर्राफा बाजार में बुधवार सुबह दबिश दी। पुलिस टीम के साथ आरोपी अभिनेत्री भी साथ थी। इस दौरान कार्रवाई का विरोध किया गया और सराफा कारोबारियों ने गलत फंसाने का आरोप लगाया। मुंबई पुलिस की टीम देर शाम तक मुजफ्फरनगर में ही जमी रही।
शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में उत्तरी रामपुरी मोहल्ला निवासी भावना विश्वकर्मा उर्फ नेहा जूनियर आर्टिस्ट है। वह मुंबई में रहती है। कुछ समय पूर्व वह सौरभ नाम के व्यक्ति के घर में पेइंग गेस्ट के रूप में रह रही थी। आरोप है कि नेहा ने सौरभ के घर से करीब आठ तोले सोने के जेवरात चोरी किए। इसके बाद कुछ सामान मुजफ्फरनगर में सराफा बाजार में बेच दिया। इस प्रकरण में कोर्ट के आदेश पर मुंबई के थाना शागरी में नेहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुंबई पुलिस ने नेहा को दो दिन पूर्व गिरफ्तार कर दो तोले सोने के जेवरात बरामद किए। पूछताछ के बाद नेहा ने बताया कि उसने कुछ जेवरात मुजफ्फरनगर में बेचे थे।
बुधवार सुबह मुंबई पुलिस की टीम आरोपी नेहा को साथ लेकर शहर कोतवाली मुजफ्फरनगर पहुंच गई। यहां से पुलिस टीम सराफा बाजार में यश दीप ज्वैलर्स पर पहुंचे। आरोपी अभिनेत्री ने इसी शोरूम पर चोरी किया हुआ चार तोले का सोने का सेट बेचने की पुष्टि की। पुलिस कार्रवाई का सर्राफा बाजार के व्यापरियों ने विरोध किया और पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट आई। शाम करीब चार बजे तक पुलिस आरोपी अभिनेत्री के साथ कोर्ट में रिमांड लेने के लिए जमी रही। इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि नेहा फिलहाल मुंबई में ही एक टेलीकॉम कंपनी के कार्यालय में प्राइवेट जॉब भी कर रही थी।
पढ़ें: दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की हो गई शादी
पढ़ें: टीवी शो के सेट पर एक लड़की ने इमरान हाशमी को मारा थप्पड़