सोनाक्षी और मुरूगदॉस फिर साथ-साथ
सोनाक्षी सिन्हा साउथ के निर्देशकों की पहली पसंद बनती जा रही है। प्रभु देवा तो उन्हें अपनी दो फिल्मों 'राउडी राठौड़' और 'आर. राजकुमार' में
मुंबई ब्यूरो। सोनाक्षी सिन्हा साउथ के निर्देशकों की पहली पसंद बनती जा रही है। प्रभु देवा तो उन्हें अपनी दो फिल्मों 'राउडी राठौड़' और 'आर. राजकुमार' में ले ही चुके हैं और अब 'गजनी' और 'हॉलीडे' फेम ए.आर. मुरूगदॉस भी सोनाक्षी को अपनी फिल्मों में कास्ट कर रहे हैं।
इस बात की ताकीद वितरण कंपनी फॉक्स स्टार इंडिया ने भी कर दी है। बकौल मुरूगदॉस, 'सोनाक्षी के संग 'हॉलीडे' में काम कर बहुत मजा आया। मेरी अगली फिल्म महिला केंद्रित विषय पर आधारित है। सोनाक्षी में मास अपील है। वह शहरी और ग्रामीण दोनों जगहों के दर्शकों को एक साथ अच्छी लगती हैं। फिल्म में महिलाओं से संबंधित एक सशक्त मैसेज है। वे फिल्म में ठीक उसी अवतार में होंगी, जैसा एंजेलिना जौली 'लारा क्राफ्ट' और उमा थरमन 'किल बिल' में थीं। वे कॉलेज स्टूडेंट की भूमिका में होंगी। वे अपने करियर में पहली मर्तबा कराटे और स्टंट भी करती नजर आएंगी।'
मुरूगदॉस के अलावा फॉक्स स्टार इंडिया के चीफ क्रिएटिव ऑफिसर आलिफ सुरती भी इस खबर की पुष्टि करते हैं। वे बताते हैं, 'मुरूगदॉस बेहतरीन किस्सागो हैं। वे संभवत : एकमात्र ऐसे फिल्मकार हैं, जिनकी फिल्में तमिल, तेलुगू और हिंदी तीनों भाषाओं में पसंद की जा रही हैं।' फिल्म नवंबर से फ्लोर पर जाएगी और तीन महीनों में पूरी कर ली जाएगी। सोनाक्षी फिल्म शुरू करने से पहले 30 दिन की वर्कशॉप पर जाएंगी। वे केरल में मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग भी लेंगी।