हरियाणा में 'अकबर' के संग-संग दौड़े सलमान खान
'सुल्तान' की शूटिंग आज रेवाड़ी के गोकलगढ़ स्टेशन पर चल रही है। सलमान की सुरक्षा को देखते हुए आम लोगों के लिए स्टेशन बंद कर दिया गया है। लोगों की भीड़ का देखते हुए सलमान की सुरक्षा में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
रेवाड़ी (जेएनएन)। सलमान खान इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'सुल्तान' की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म की शूटिंग हरियाणा के रेवाड़ी में चल रही है। यहां सलमान की एक झलक पाने के लिए उनके फैन्स की भारी भीड़ जुट गई है।
फिल्म की शूटिंग आज रेवाड़ी के गोकलगढ़ स्टेशन के पास चल रही है। सलमान की सुरक्षा को देखते हुए आम लोगों के लिए स्टेशन पर जाने के लिए रोक लगा दी गई है। लोगों की भीड़ का देखते हुए सलमान की सुरक्षा में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में भी सलमान की सुरक्षा में प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया था।
गोकलगढ़ स्टेशन पर आज सलमान शूटिंग के दौरान भाप के इंजन 'अकबर' के साथ रेल लाइन पर दौड़ते नजर आए। सलमान ने दौरान टी-शर्ट और हॉफ पेंट पहन रखी थी।
सलमान फिल्म 'सुल्तान' में एक हरियाणवी पहलवान का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। इस किरदार को निभाने के लिए सलमान को अपना काफी वजन भी बढ़ाना पड़ा है। पिछले दिनों फिल्म का टीजर सामने आया, जिसे काफी पसंद किया गया। इसमें सलमान अखाड़े में दंगल करते नजर आ रहे हैं।
'सुल्तान' में सलमान के अपोजिट अनुष्का शर्मा नजर आएंगी। अनुष्का ने भी इस फिल्म में एक रेसलर का किरदार निभाया है। इस किरदार के लिए उन्हें लगभग छह हफ्तों तक प्रशिक्षण लेना पड़ा।
अली अब्बास जफर के निर्देशन में बन रही सलमान की 'सुल्तान' इस साल ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।