ऐसा 'तेवर' और कहां!
मनोज बाजपेयी ने कई नकारात्मक किरदार निभाए हैं। वह अपनी हर फिल्म में अलग छाप छोड़ते हैं। फिल्म 'तेवर' में वह बाहुबली की भूमिका में दिखेंगे। यह विशुद्ध खलनायक की भूमिका है।
मुंबई। मनोज बाजपेयी ने कई नकारात्मक किरदार निभाए हैं। वह अपनी हर फिल्म में अलग छाप छोड़ते हैं। फिल्म 'तेवर' में वह बाहुबली की भूमिका में दिखेंगे। यह विशुद्ध खलनायक की भूमिका है।
मनोज अपने नाम के आगे कोई टैग लगवाना नहीं चाहते। उन्हें खलनायक या हीरो के दायरे में बंधना पसंद नहीं, बल्कि वह खुद को सिर्फ कलाकार कहलाना पसंद करते हैं। वह कहते हैं, 'मुझे आज तक समझ नहीं आया कि हीरो क्या होता है विलेन क्या होता है? मुझे कैरेक्टर समझ में आता है। 'तेवर' में मैं मथुरा के बाहुबली के किरदार में हूं। वह जैसा भी है बड़ा रोमांटिक है। वह एक खूबसूरत लड़की को जुनून की हद तक चाहता है। उसे पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। वह अच्छे परिवार से है। अगर उसके मर्डर करने के हिस्से को निकाल दे तो उसमें कोई खराबी नहीं है।'
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सेलेब्रिटी समय-समय पर तेवर दिखाते रहते हैं, लेकिन मनोज को लगता है कि इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा तेवर उनके ही हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे बराबर का मैं सिर्फ अर्जुन कपूर को मानता हूं, वरना किसी को मानता ही नहीं हूं।' 'तेवर' में मनोज के अलावा अर्जुन और सोनाक्षी सिन्हा प्रमुख भूमिका में हैं।