टॉयलेट वाले श्री नारायण सिंह और क्रिआर्ज एंटरटेनमेंट की अगली फिल्म में दिखाई दे सकते हैं शाहिद कपूर
'टॉयलेट एक प्रेम कथा' में अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में थे।
मुंबई। श्री नारायण सिंह निर्देशित फिल्म 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' सौ करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है। इसे प्रोडक्शन कंपनी क्रिआर्ज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया था। अब इस कंपनी की श्री नारायण सिंह के निर्देशन में बनने वाली अगली फिल्म में शाहिद कपूर नज़र आ सकते हैं।
बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता शाहिद कपूर की फिल्म 'उड़ता पंजाब' में जबरदस्त परफॉर्मेंस ने उन्हें कई अवॉर्ड दिलवाए। इसके बाद से तो उनके पास ज्यादातर फिल्मों की स्क्रिप्ट चलकर आने लगीं। इसमें से एक स्क्रिप्ट 'रुस्तम' फिल्म फेम विपुल के. रावल की है जिसे प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा ने क्रिआर्ज एंटरटेनमेंट के लिए साइन किया है। आपको बता दें कि, क्रिआर्ज कंपनी हमेशा से कंटेंट ड्रिवन फिल्म्स पर फोकस करती है। इसलिए जिस स्क्रिप्ट की यहां बात की जा रही है उस पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक विपुल के. रावल ने 'रोशनी' नामक (वर्किंग टाइटल) स्क्रिप्ट लिखी है। इसके लिए वो शाहिद को लेना चाहते हैं। यह आइडिया उन्होंने शाहिद से शेयर भी किया है। बताया जा रहा है कि, स्क्रिप्ट सुनने के तुरंत बाद ही शाहिद इसका हिस्सा होने के लिए मान भी गए। वो इसको लेकर काफी उत्साहित भी हैं।
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड में बेटियों का टशन जारी है, देखिए 4 स्टारडॉटर्स की 20 लेटेस्ट तस्वीरें
बताते चलें कि, इन दिनों शाहिद कपूर संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' को लेकर व्यस्त हैं। इसलिए जब वो वापस लौटेंगे तब भी इस बात को लेकर कन्फर्म कर पाएंगे। क्रिआर्ज एंटरटेनमेंट ने श्री नारायण सिंह के निर्देशन में प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा के साथ मिलकर 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' बनाई जो बॉक्स अॉफिस पर कमाल कर रही है। अब एेसी ही सुपरहिट फिल्म की आशा इन तीनों की जोड़ी से की जा रही है। बता दें कि, 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' में अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में थे।