स्ट्रेस के शिकार हुए हनी सिंह, करना पड़ेगा बेड रेस्ट
यो यो हनी सिंह पिछले दो सालों से न सिर्फ बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार बन गए हैं बल्कि उन्हें दर्शकों से भी बहुत प्यार मिल
मुंबई। यो यो हनी सिंह पिछले दो सालों से न सिर्फ बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार बन गए हैं बल्कि उन्हें दर्शकों से भी बहुत प्यार मिल रहा है। हनी काम में बेहद व्यस्त रहते हैं और पिछले कुछ सालों से वो अपने लिए वक्त ही नहीं निकाल पा रहे हैं। इसके चलते अब उनकी सेहत बिगड़ गई है और उन्हें दो महीने पूरी तरह से आराम करने की सलाह दी गई है।
इनी की पत्नी शालिनी ने एक अंग्रेजी अखबार को बातचीत में बताया, 'जुलाई से हनी को तनाव के चलते सेहत से संबंधित काफी समस्याएं चली आ रही हैं। मैं उन्हें पिछले 10 सालों से देख रही हूं कि वो हर समय म्यूजिक कंपोज करने में बहुत मेहनत करते हैं। उनके पास बहुत काम है और वो बहुत कुछ करना चाहते हैं लेकिन फिलहाल वो ये नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें कम से कम 45 दिनों तक दुनिया से दूर रहकर बेड रेस्ट करने की जरूरत है। उन्हें काम से दूर घर पर रहना पसंद नहीं है। लेकिन उनका ब्लड प्रेशर घट-बढ़ रहा है, उनके दिल की धड़कन ठीक नहीं है और डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह शांति में छुट्टियां बिताने और कोई काम नहीं करने के लिए कहा है। उन्हें अपने लैपटॉप पर म्यूजिक कंपोज करने की इजाजत है। वो मेरे, अपने माता-पिता और बहन सबके साथ दिल्ली में हैं। उनके लिए इस बात को स्वीकार करना काफी मुश्किल है कि वो ठीक नहीं हैं इसलिए हमें उन पर आराम करने का दबाव बनाना है। उनका शरीर कमजोर हो गया है और उनकी सेहत प्राथमिकता बन गई है, इसलिए उन्हें अपने वादों के बावजूद पूरी तरह आराम करने की जरूरत है।'
डॉक्टरों का कहना है कि हनी सिंह अगर आराम नहीं करते तो उनकी सेहत पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। हनी की शादी 23 जनवरी 2011 को शालिनी तलवार से हुई थी और दोनों दिल्ली में रहते हैं। हनी के फैंस तो यही दुआ करेंगे कि वे एक बार फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए जल्द से जल्द सेहतमंद होकर लौट आएं।
पढ़ेंः हनी सिंह को करना चाहते थे किडनैप, पकड़े गए
पढ़ेंः हनी सिंह के अपहरण की साजिश रचने वालों के नेताओं से कनेक्शन!