Exclusive: अनुराग कश्यप की फिल्मों की अभिनेत्रियां क्यों होती हैं दबंग, पढ़िए जवाब
अनुराग की फिल्म मुक्काबाज 12 जनवरी को रिलीज़ होगी। फिल्म में विनीत कुमार सिंह लीड किरदार निभा रहे हैं।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। अनुराग कश्यप की फिल्मों पर गौर करें तो वह कभी भी दुखी, अबला या बेसहारा नज़र नहीं आती हैं। उन्होंने अपनी फिल्म से हमेशा नारी को स्ट्रांग, मर्दों के बराबर, दुख नहीं सहन करने वाली दबंग महिलाओं की ही छवि पेश की है। अमूमन हिंदी सिनेमा में ऐसे कम निर्देशकों ने किया है।
अनुराग के जहन में उनकी महिला पात्रों की परिकल्पना फेयरी टेल वाली नहीं है। उनकी अभिनेत्रियां प्यार में भी मर्दों से बराबरी की हक की गुंजाईश रखती हैं और डिमांड करती हैं। फिर चाहे उनकी फिल्म गैंग्स आॅफ वासेपुर देखें। उनकी आने वाली फिल्म मुक्काबाज की कहानी भी महिला किरदार के इर्द-गिर्द हैं। मुक्काबाज एक प्रेम कहानी है। फिल्म की नायिका बोल या सुन नहीं सकती। फिर भी वह पुरुष पात्र से अधिक दबंग और दमदार है।यह सवाल पूछे जाने पर कि क्या इसकी कोई खास वजह है कि उनकी परिकल्पना में उनकी फिल्मों की अभिनेत्रियां मर्दानी ही होती हैं। वह शोख अदाओं वाली नहीं होतीं। इस सवाल के जवाब में अनुराग ने जागरण डॉट कॉम से बातचीत में स्वीकारा कि इसके पीछे एक खास कारण है। कारण उनके परिवार से जुड़ा हुआ है। अनुराग कहते हैं, मैं तो उत्तर प्रदेश का रहने वाला हूं। मैंने बचपन से देखा है अपने आस-पास। जब भी महिलाओं से घिरा रहा, वह काफी स्ट्रांग रही हैं। मेरी नानी को देखा है। मेरी नानी घर के बाहर स्टेप करें तो उन्हें ज्यादा बातें करने की भी जरूरत नहीं होती। कुछ नहीं बोल कर भी वही घर की मुखिया थीं। वही घर चलाती थी। चलती उनकी थी।तो बाहर से देखते हैं तो लगता है कि हमारे समाज में औरतों को दबा कर रखा गया है। लेकिन मैंने हमेशा जहन में महिला का वैसा ही किरदार देखा है।
यह भी पढ़ें: बचपन से ही सोहा को सैफ़ और अपने लिये थी प्रिंस चार्मिंग और प्रिसेंस की तलाश
अनुराग बताते हैं कि जब वह मुक्काबाज के लिए कास्टिंग करने जा रहे थे, तो उनके दिमाग में आया कि एक लड़की जो बोल नहीं सकती, उसको कोई काबू नहीं कर सकता। तो अनुराग के जहन में था कि भले ही किरदार को आवाज मत दो, लेकिन उससे उसकी ताकत में कमी नहीं आयेगी। इसलिए मुझे वैसी पर्सनॉलिटी चाहिए थी कि वह लड़की खुद को अपाहिज नहीं समझती। अपना एंबिशन चुनना चाहती है। आम लड़कियों की तरह ही। इस तरह मेरी फिल्म में जोया का किरदार तय हुआ। अनुराग ने बताया कि जोया की एक शॉर्ट फिल्म उन्होंने देखी थी और उन्हें जोया का किरदार काफी पसंद आया। सो, उन्होंने लुक टेस्ट के बाद उन्हें चुनने का निर्णय लिया। अनुराग की फिल्म मुक्काबाज 12 जनवरी को रिलीज़ होगी। फिल्म में विनीत कुमार सिंह लीड किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में रवि किशन, श्रीधर और जिम्मी शेरगिल मुख्य किरदारों में हैं।