अभिषेक बच्चन के बर्थडे पर भावुक हुए अमिताभ बच्चन, इन तस्वीरों संग जानिये उनका पूरा सफ़र
साल 2016 में अभिषेक 'हॉउसफुल' में दिखे थे और अब अभिषेक जल्द ही फ़िल्म 'मनमर्जियां' में नज़र आने वाले हैं, जिसका निर्देशन अनुराग कश्यप कर रहे हैं।
मुंबई। 5 फरवरी को अभिषेक बच्चन का जन्मदिन होता है। इस साल अभिषेक अपना 42 वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस मौके पर तमाम फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार शुभकामनाएं संदेश भेज रहे हैं। इस बीच अमिताभ बच्चन ने भी अपने इस स्टार बेटे को अपने अंदाज़ में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
अमिताभ बच्चन अभिषेक को बर्थडे विश करते हुए बेहद भावुक नज़र आये जो उनके शब्दों में साफ़ झलक जाता है। बिग बी जूनियर बच्चन के लिए लिखते हैं कि- 'एक समय था जब पिता पुत्र का हाथ थाम कर चलता था, अब पुत्र हाथ थाम के चलाता है पिता को'। बिग बी ने इस कैप्शन के साथ अभिषेक की कुछ तस्वीरों का कोलाज ट्विटर पर शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: पैडमैन चैलेंज को लेकर भारी उत्साह, अब माधुरी दीक्षित समेत ये सितारे भी मुहीम में शामिल,देखें तस्वीरें
T 2604 - #HBDAbhishekBachchan .. who is in a time zone out of the country .. !!
एक समय था पिता पुत्र का हाथ थाम के चलता था ; अब पुत्र हाथ थाम के चलाता है पिता को ! pic.twitter.com/JJKQjS02X7— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) February 4, 2018
बता दें कि बॉलीवुड में अभिषेक बच्चन ने बतौर अभिनेता साल 2000 में जे पी दत्ता की फ़िल्म 'रिफ्यूजी' से अपना कैरियर शुरू किया था। यह करीना कपूर ख़ान की भी डेब्यू फ़िल्म थी। हालांकि यह फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहतर प्रदर्शन करने में असफल साबित हुई थी मगर आलोचकों ने अभिषेक और करीना के काम की सराहना की थी। बहरहाल, मां जया बच्चन के साथ देखिये अभिषेक की एक दुर्लभ फोटो।
अभिषेक बच्चन के फ़िल्मों की बात करें तो उन्हें पहली हिट साल 2004 में 'धूम' के रूप में मिली। इसके बाद 'बंटी और बबली' (2005), 'धूम 2' (2006), 'गुरू' (2007), 'दोस्ताना' (2008), 'बोल बच्चन' (2012) के साथ ही 'धूम 3' (2013) और साल 2014 में आई 'हैप्पी न्यू ईयर' जैसी फ़िल्में में रहीं जो सफल रही। अभिषेक की एक और दुर्लभ तस्वीर आप यहां देख सकते हैं जिसमें वो अमिताभ बच्चन और परिवार के अन्य बच्चों के साथ नज़र आ रहे हैं। यह तस्वीर तब की है जब 'कूली' फ़िल्म के चर्चित हादसे के बाद बिग बी अस्पताल से ठीक होकर घर लौटे थे। डैड के सीने पर सिर रखकर लेटे अभिषेक कितने मासूम लग रहे हैं!
जूनियर बच्चन को साल 2005 में आई फ़िल्म 'युवा' और 'सरकार', 2006 में आई 'कभी अलविदा ना कहना' के लिए फ़िल्मफेयर से बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला। अभिषेक की फ़िल्म 'पा' को नेशनल अवॉर्ड में बेस्ट फ़िल्म कैटेगरी में बेस्ट फ़िल्म का अवॉर्ड मिला है। आप जानते ही हैं कि अभिषेक बच्चन ने साल 2007 में ऐश्वर्या राय से शादी की। दोनों की एक बेटी आराध्या बच्चन हैं।
अभिषेक इन दिनों एक प्रो कबड्डी टीम 'जयपुर पिंक पैंथर्स' के मालिक भी हैं और साथ ही कुछ चुनिंदा फ़िल्मों में नज़र भी आ रहे हैं! साल 2016 में अभिषेक 'हॉउसफुल' में दिखे थे और अब वो जल्द ही फ़िल्म 'मनमर्जियां' में नज़र आने वाले हैं, जिसका निर्देशन अनुराग कश्यप कर रहे हैं। इस फ़िल्म में अभिषेक के साथ 'मसान' फेम विक्की कौशल और 'पिंक' फेम तापसी पन्नू भी हैं।
यह भी पढ़ें: Box office पर 'पद्मावत' की बंपर कमाई जारी, जानिये अब तक कितने करोड़ कमाये, ताज़ा अपडेट