A Dog's Purpose: ज़िंदगी का मक़सद ढूंढने निकला एक गोल्डन रिट्रीवर
फ़िल्म में बेली के चार जन्म दिखाए जाएंगे, जो अलग-अलग प्रजातियों में होंगे। इन सभी जन्मों में अपने विभिन्न मालिकों के ज़रिए बेली ज़िंदगी का मक़सद खोजेगा।
मुंबई। हॉलीवुड फ़िल्म A Dog's Purpose एक कुत्ते के ज़रिए ज़िंदगी का मक़सद इंसानों को सिखाएगी। फ़िल्म देश में 31 मार्च को रिलीज़ हो रही है।
अ डॉग्स पर्पज़ का निर्माण स्टीवन स्पिलबर्ग ने भारतीय कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर किया है। फ़िल्म को लेस हेलस्ट्राम ने डायरेक्ट किया है। अ डॉग्स पर्पज़ डब्ल्यू ब्रुस कैमरून के इसी नाम से आए नॉवल पर आधारित फ़िल्म है। लीड स्टार कास्ट में ब्रिट रॉबर्टसन, के जे ऐपा, जूलियट रिलांस, जॉन ऑर्टिज़ आदि शामिल हैं। फ़िल्म का कांसेप्ट बेहद दिलचस्प है, जबकि डेनिस क्वेड और जॉश गैड ने कुत्तों के किरदारों को आवाज़ दी है। इसमें दिखाया गया है कि ज़िंदगी से जुड़े सवालों के जवाब सिर्फ़ इंसान नहीं ढूंढते, बल्कि इंसानों के सबसे अच्छे दोस्तों यानि कुत्तों को भी ऐसे सवाल परेशान करते हैं। इसलिए फ़िल्म की कहानी एक गोल्डन रिट्रीवर बेली के नज़रिए से दिखाई गई है। फ़िल्म में बेली के चार जन्म दिखाए जाएंगे, जो अलग-अलग प्रजातियों में होंगे। इन सभी जन्मों में अपने विभिन्न मालिकों के ज़रिए बेली ज़िंदगी का मक़सद खोजेगा।
इसे भी पढ़ें- सम्मोहित कर देगी बड़े पर्दे पर बाहुबली की भव्यता, ऐसी है तैयारी
बताते चलें कि A Dog's Purpose को लेकर इसी साल एक विवाद भी हुआ था, जब फ़िल्म का एक वीडियो लीक हो गया था, जिसमें एक कुत्ते को पानी में दौड़ने के लिए बाध्य किया जा रहा है। बाद में जांच के बाद इस सीन को एडिट कर दिया गया।