उत्तराखंड में भ्रष्टाचार मुक्त राज्य भाजपा का मिशन: बलूनी
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करना सरकार का मिशन है। अब जनता के खोए विश्वास को लौटाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: राज्य में हरीश रावत के कुशासन से त्रस्त व्यवस्था को को दोबारा पटरी पर लाना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करना सरकार का मिशन है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, लचर कानून व्यवस्था, खनन, शराब, तबादला और तैनाती उद्योग और राजकोष के दुरुपयोग से प्रदेश हर मोर्चे पर पिछड़ा है। अब जनता के खोए विश्वास को लौटाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एक बयान में भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि विधान सभा चुनाव में भाजपा का नारा था 'अटलजी ने बनाया, मोदी जी संवारेंगे'। इस सूत्र वाक्य को पूरा करने का संकल्प राज्य सरकार ने लिया है। उत्तराखंड हिमालयी राज्य है, इसकी विशिष्टता, विकास और विजन के लिए सरकार रोडमैप तैयार कर रही है।
अनिल बलूनी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की जनता से जो वादे किए थे, उनको मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली में यह बदलाव और इसके असर जल्द जनता को नजर आएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि केंद्र में राज्यों को समान दृष्टि से देखने वाली और चिंता करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड और केंद्र में भाजपा सरकार है। विकास का डबल इंजन राज्य के विकास को गति देगा और एक नई इबारत लिखेगा। उन्होंने कहा कि जल्द उत्तराखंड सुशासन के बूते देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शुमार करेगा।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंडः प्रेमचंद अग्रवाल होंगे चौथी विधानसभा के स्पीकर
यह भी पढ़ें: पलायन रोकने के लिए बनेगी ठोस नीति: सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: नेता प्रतिपक्ष को लेकर दिल्ली में मंथन