यूपी चुनाव: अब छठे-सातवें चरण के क्षेत्रों की ओर दिग्गजों का रुख
सियासी दलों के यह धुरंधर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने के लिए आज विभिन्न जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा में पांचवें चरण के लिए चुनाव प्रचार की समयसीमा बीतने के बाद राजनीतिक दलों के दिग्गजों ने अब छठे व सातवें चरण वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर लिया है। सियासी दलों के यह धुरंधर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने के लिए आज विभिन्न जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह आज महराजगंज, आजमगढ़ व जौनपुर में जनसभाओं को संबोधित कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे।
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2017: एक्सप्रेसवे और मेट्रो रेल परियोजनाओं में भारी भ्रष्टाचार
बसपा अध्यक्ष मायावती बलिया और गोरखपुर में अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान को परवान चढ़ाएंगी। वहीं मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव महराजगंज और कुशीनगर जिलों को मथते हुए कुल सात जनसभाएं करेंगे। इनमें दो जनसभाएं महराजगंज और पांच कुशीनगर में होंगी।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह कुशीनगर, देवरिया, बलिया व गाजीपुर में जनसभाएं कर पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान को धार देंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र वाराणसी में बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करने के अलावा गाजीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
यह भी पढ़ें-यूपी चुनाव 2017: मायावती चाहे तो भाजपा के साथ डिप्टी सीएम बनें
केंद्रीय मंत्री उमा भारती गोरखपुर तो स्मृति ईरानी महराजगंज, जौनपुर और चंदौली में पार्टी प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार को गर्माएंगी। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा बलिया, कुशीनगर, देवरिया व आजमगढ़ में जनसभाएं करेंगे।
यह भी पढ़ें- इमरजेंसी लैंडिंगः हेलीकाप्टर हादसे में आजम खां बाल-बाल बचे
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी महराजगंज, जौनपुर व मीरजापुर में पार्टी प्रत्याशियों की फिजां बनाएंगे। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रवि किशन देवरिया में रोड शो करने के अलावा वाराणसी में जनसभाएं करेंगे।