यूएस में अबकी बार ट्रंप सरकार, जनता ने ट्रंप को चुना देश का 45वां राष्ट्रपति
अमेरिका में 45वें राष्ट्रपति के लिए हुए चुनाव में रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप ने बाजी मार ली है।
वाशिंगटन (पीटीआई)। डोनाल्ड जॉन ट्रंप। यह नाम है उस शख्स का जिसे अमेरिकी जनता ने अपना 45वां राष्ट्रपति चुना है। दुनिया को हैरान और भविष्यवाणियों को गलत साबित करते हुए बुधवार को 70 साल के इस अरबपति कारोबारी ने जीत हासिल की। दिसंबर में इलेक्टोरल कॉलेज की वोटिंग होगी। इसमें सफलता मिलने के बाद वह 20 जनवरी को शपथ लेंगे और उस कुर्सी पर आसीन होंगे जिस पर बैठने वाला शख्स दुनिया का सबसे ताकतवर व्यक्ति माना जाता है।
ट्रंप पीएम नरेंद्र मोदी से खासे प्रभावित रहे हैं। चुनाव अभियान के दौरान ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ का नारा बुलंद करने वाले ट्रंप ने नतीजों के बाद अपने संबोधन में भी इसकी झलक दिखाई। परिजनों और भावी उपराष्ट्रपति माइक पेंस के साथ न्यूयॉर्क स्थित चुनाव मुख्यालय में समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने जो बातें कहीं, वह मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के रास्ते पर आगे बढ़ने की उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है।
तस्वीरें: अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के जीवन से जुड़े अनछुए पहलू
चुनाव अभियान के विपरीत सबका दिल जीतने की कोशिश करते हुए उन्होंने खुद को सभी अमेरिकियों का राष्ट्रपति बताया। देश हित को सबसे ऊपर रखने और शांति से दुनिया के साथ काम करने का भरोसा दिया। शानदार मुकाबले के लिए हिलेरी का आभार जताया और अन्य उम्मीदवारों की तारीफ भी की। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को पराजित कर ट्रंप ने आठ साल बाद ह्वाइट हाउस में रिपब्लिकन पार्टी की वापसी की है। वह राजनीति में बाहरी व्यक्ति हैं।
पढ़ें- जैसे-जैसे हिलेरी पिछड़ती गईं, ट्विटर यूजर्स में फैलती गई दहशत
18 महीने पहले जब राजनीतिक पारी शुरू की थी तो किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। कई शीर्ष रिपब्लिकन सार्वजनिक रूप से उनका विरोध कर रहे थे। मतदान से पहले यौन शोषण के आरोपों में भी घिरे। पर आखिर में बिजनेस और टीवी जगत के इस सितारे ने सियासी पिच पर झंडा गाड़ दिया।
पढ़ें- जीत के बाद डोनाल्ड ट्रम्प ने क्या कहा
1289 इलेक्टोरल वोट:
50 में से 29 प्रांत ट्रंप की झोली में गिरे। हिलेरी को सिर्फ 18 राज्यों में कामयाबी मिली। ट्रंप के खाते में निर्वाचन मंडल (इलेक्टोरल वोट) के 289 और हिलेरी के हिस्से 228 वोट आए। राष्ट्रपति चुने जाने के लिए 538 इलेक्टोरल वोट में 270 हासिल करना जरूरी था।