MCD चुनाव में JDU का नहीं चल पाया तीर, नीतीश कुमार की इन कोशिशों पर फिरा पानी
एमसीडी चुनाव के मद्देनजर नीतीश कुमार ने भाजपा को सीधे निशाने पर लिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने दिल्ली में भी बिहार की तर्ज पर शराबबंदी की वकालत की।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली नगर निगम चुनाव में तीर का निशान लेकर उतरी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के खाते में कुल वोट का 0.65 फीसद गया। जबकि पहली बार बड़े पैमाने पर पार्टी ने चुनाव मैदान में प्रत्याशियों को उतारा था। प्रत्याशियों के समर्थन में पार्टी के अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुराड़ी और बदरपुर इलाके में दो चुनावी जनसभाएं की। जिसमें उन्होंने दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों की उपेक्षा का आरोप लगाया था। हालांकि चुनाव नतीजे पार्टी के पक्ष में नहीं रहे।
इसका एक अहम कारण यह माना जा रहा है कि दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों को भाजपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी ने भी हाथ खोलकर टिकट दिए, जिससे मतदाता बंट गए। इसके अलावा पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में पूर्वांचल के मतदाताओं ने वोट देने से पहले यह भी सोचा कि पहला प्रयोग कहीं बेकार ना हो जाए।
यह भी पढ़ें: MCD जीत पर बोले मनोज तिवारी-दिल्ली वालों को हक दिलाने के लिए एक कर देंगे दिन-रात
हालांकि बुराड़ी इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान नीतीश कुमार वहां के इंद्रप्रस्थ छठ स्थल गए थे। वहां उन्होंने पुरजोर तरीके से पूर्वांचल के लोगों का मुद्दा उठाया। एमसीडी चुनाव के मद्देनजर नीतीश ने भाजपा को सीधे निशाने पर लिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने दिल्ली में भी बिहार की तर्ज पर शराबबंदी की वकालत की। उन्होंने कहा था कि निगम चुनाव में दिल्ली की जनता इस बार उनकी पार्टी को समर्थन देगी तो बिहार की तरह यहां भी शराबबंदी लागू होगी। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना चाहिए की वकालत की थी।
पूर्वांचलियों के हक की लड़ाई जदयू रखेगी जारी
चुनाव नतीजे आने के बाद जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सह दिल्ली प्रभारी संजय कुमार झा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में होने वाले हर चुनाव में किसी न किसी एक की जीत होती ही है।
हमारी पार्टी ने पहली बार दिल्ली नगर निगम चुनाव में हिस्सा लिया है और इसके परिणाम से हमारे मनोबल पर कोई असर नहीं पड़ा है। पूर्वांचल व बिहार की जनता के मान सम्मान को बढ़ाने और उन्हें यहां एक सुरक्षित माहौल दिलाने की हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
संजय कुमार झा ने यह भी कहा कि चुनाव में हारने के बावजूद कई सीटों पर हमें पूर्वांचलियो और अन्य दिल्ली वालों का अच्छा समर्थन मिला है।
इसके अलावा भाजपा की जीत को लेकर कहा कि भाजपा पर जनता ने जो विश्वास प्रकट किया है, हम उन्हें उसकी बधाई देते हैं। मगर भाजपा इस जीत के बाद आने वाली जिम्मेवारी को भी अच्छे से समझ ले।
यह भी पढ़ें: ...तो इन 5 कारणों से दिल्ली में AAP का जादू हुआ बेअसर, हार का करना पड़ा सामना