MCD polls 2017: कांग्रेस ने पेश किया स्वास्थ्य सेवा व शिक्षा का रोडमैप
शिक्षा का स्तर सुधारने, शिक्षकों को प्रशिक्षण देने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी। इस काम में पूर्व शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों का भी सहयोग लिया जाएगा।
नई दिल्ली (जेएनएन)। कांग्रेस ने स्वास्थ्य सेवा और प्राथमिक शिक्षा को बेहतर बनाने का रोडमैप पेश किया है। कांग्रेस का कहना है कि निगमों को सिर्फ प्राथमिक चिकित्सा पर ध्यान देना चाहिए, इसलिए निगम की सत्ता में आने पर वह सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों को दिल्ली सरकार को सौंप देगी।
इसी तरह से प्राथमिक शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए कई कदम उठाने के वादे किए गए हैं। इससे पहले नगर निगमों को आत्मनिर्भर बनाने और दिल्ली को स्वच्छ बनाने का दस्तावेज भी पार्टी ने पेश किया था। कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. शशि थरूर व सलमान खुर्शीद के साथ स्वास्थ्य व शिक्षा से संबंधित रोडमैप पेश किया।
यह भी पढ़ें: MCD polls 2017: लगातार हो रहे सर्वे से बढ़ रहीं कांग्रेसियों की धड़कनें
इन्होंने कहा कि निगमों द्वारा 6 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चलाए जा रहे हैं जिसपर प्रति वर्ष 653 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। इन अस्पतालों को दिल्ली सरकार को सौंपकर इस पर खर्च होने वाले पैसे से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: मोदी मैजिक का असर, MCD चुनाव में बड़ी संख्या में मुस्लिमों ने मांगे टिकट
अजय माकन ने कहा कि निजी भागीदारी से निगमों के स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जा सकता है। शिक्षा का स्तर सुधारने, शिक्षकों को प्रशिक्षण देने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी। इस काम में पूर्व शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों का भी सहयोग लिया जाएगा।
थरूर ने कहा कि ठोस सुझावों से समस्याओं का हल निकाला जा सकता है। सलमान खुर्शीद ने कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार व दिल्ली के नगर निगमों के बीच कोई तालमेल नही है। इससे समस्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने निगमों के लिए 10 सूत्रीय कार्यक्रम बनाया है।
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव 2017: टिकट पर मचा घमासान, कांग्रेसी पहुंच रहे राहुल के दरबार
प्राथमिक स्वास्थ्य क्लीनिकों को अपग्रेड किया जाएगा, डेंगू व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के रोकथाम के लिए काम होगा। लोगों को उचित दर पर दवाइयां मिलेंगी। मेट्रो स्टेशनों पर जन स्वास्थ्य क्लीनिक खोले जाएंगे। क्लीनिक ऑन व्हील्स के द्वारा झुग्गी झोपड़ियों, अनधिकृत कॉलोनियों तथा बेसहारा लोगों को उनके द्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको व अन्य नेता मौजूद थे।