MCD चुनाव: जानें, क्यों आहत हैं मनोज तिवारी, जीत मिलने पर नहीं मनाएंगे जश्न
मनोज तिवारी ने अपनी राय दिल्ली के नेताओं के सामने रख दी है। उन्होंने नेताओं व कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के बाद जश्न नहीं मनाने की सलाह दी है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। नगर निगम चुनाव में यदि भाजपा को जीत मिलती है तो भी वह कोई जश्न नहीं मनाएगी। सुकमा में नक्सली हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के 25 जवानों के शहीद होने की वजह से यह फैसला किया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि नक्सली हमले से देश में शोक व आक्रोश का माहौल है। ऐसे मे किसी तरह का जश्न नहीं मनाया जा सकता है।
इस संबंध में पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई निर्देश आने के पहले ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपनी राय दिल्ली के नेताओं के सामने रख दी है। उन्होंने नेताओं व कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के बाद जश्न नहीं मनाने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव हारे तो सड़क पर होंगे केजरीवाल, बोले- 'ईंट से ईंट बजा देंगे, होगा आंदोलन
दरअसल, विभिन्न चैनलों के एक्जिट पोल में भाजपा को भारी बहुमत मिलने का दावा किया गया है। इससे भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्हें उम्मीद है कि बुधवार को मतगणना में भी एक्जिट पोल जैसे नतीजे आएंगे। इसलिए उन्होंने जश्न की तैयारी भी शुरू कर दी थी, लेकिन इसी बीच सुकमा में जवानों पर नक्सली हमले की खबर आ गई।
प्रदेश भाजपा के महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि जिस तरह से सुकमा में सीआरपीएफ के जवानों की निर्मम हत्या की गई है, उससे देशवासी और भाजपा आहत है। ऐसे में भले ही कितनी भी बड़ी चुनावी जीत मिले, लेकिन पार्टी कार्यालय पर कोई जश्न अथवा विजय पर्व नहीं मनाया जाएगा। पार्टी कार्यालय में चुनाव की जानकारी के लिए एलसीडी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं, नेताओं और मीडिया के लोगों के बैठने के लिए व्यवस्था रहेगी।
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव: मतगणना के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम, महीनों की मेहनत, 5 घंटे में रिजल्ट