Move to Jagran APP

MP Election 2018: सपा ने जारी किया घोषणा पत्र, किसानों पर विशेष फोकस

MP Election 2018 : पार्टी ने बहुमत मिलने पर गरीबों को पांच लाख रुपए कीमत का आवास देने और किसानों का शत-प्रतिशत कर्ज माफ करने की घोषणा की है।

By Hemant UpadhyayEdited By: Published: Tue, 20 Nov 2018 06:58 PM (IST)Updated: Wed, 21 Nov 2018 07:50 AM (IST)
MP Election 2018: सपा ने जारी किया घोषणा पत्र, किसानों पर विशेष फोकस
MP Election 2018: सपा ने जारी किया घोषणा पत्र, किसानों पर विशेष फोकस

भोपाल। मध्य प्रदेश में 50 सीटों पर चुनाव लड़ रही समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया।

loksabha election banner

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में बहुमत मिलने पर गरीबों को पांच लाख रुपए कीमत का आवास देने और किसानों का शत-प्रतिशत कर्ज माफ करने की घोषणा की है। उन्होंने भाजपा के वादों पर तंज कसते हुए पूछा है कि पार्टी स्कूटी देने का वादा कर रही है, पेट्रोल भी देगी। हालांकि यह सवाल अनुत्तरित रह गया कि 50 सीटों पर लड़ने के बाद सरकार कैसे बनेगी और इस घोषणा पत्र पर अमल कैसे होगा।

यादव दोपहर को राजधानी पहुंचे और एक होटल में घोषणा पत्र जारी किया। इसके बाद वे सिलवानी से पार्टी के प्रत्याशी एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गौरी सिंह के पक्ष में प्रचार के लिए रवाना हो गए।

इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से कहा कि जब तक गरीब और किसान खुशहाली के रास्ते पर नहीं जाएगा, तब तक प्रदेश तरक्की नहीं कर सकता। उन्होंने किसानों का कर्ज माफ करने, मुफ्त स्थाई बिजली कनेक्शन देने की घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा किसान हितैषी पार्टी नहीं है।

उन्होंने कहा कि कर्ज माफ 10 दिन नहीं एक घंटे में होना चाहिए। जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां ज्यादा किसानों ने आत्महत्याएं की हैं और फिर भी पार्टी किसानों की आय दोगुनी करने का दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा धोखा दे रही है। किसानों को फसलों का भुगतान तक नहीं हुआ है।

यादव ने कहा कि मप्र की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की सपा सरकार के कामों की नकल की है। लेपटॉप वितरण योजना सहित अन्य योजनाएं इसका उदाहरण हैं। उन्होंने स्मार्ट सिटी पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने कितनी स्मार्ट सिटी बना दीं।

उन्होंने स्वच्छता अभियान को भी फेल बताया। यादव ने नोटबंदी, जीएसटी पर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पार्टी ने नोटबंदी कर जनता को धोखा दिया और जीएसटी ने व्यापार चौपट कर दिया। उन्होंने पूछा कि नोटबंदी का क्या फायदा हुआ। कितना भ्रष्टाचार कम हुआ? उन्होंने अपने कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि सपा ने ऐसा एक्सप्रेस-वे बनाया, जिस पर लड़ाकू विमान उतार सकते हैं तो राफेल को भी उतार कर देख लो।

यादव ने सत्यव्रत चतुर्वेदी को लेकर कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा और गोंगपा को साथ लेकर चुनाव लड़ती तो सीटों का आंकड़ा दो सौ पार होता। मप्र में गठबंधन न होने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस फैसला नहीं ले पाती। इसीलिए देश और प्रदेश में भाजपा राज कर रही है।
पार्टी की घोषणाएं एक नजर में
- किसानों का शत-प्रतिशत कर्ज माफ करेंगे। मुफ्त स्थाई बिजली कनेक्शन देंगे। पांच हजार करोड़ का किसान फंड बनाएंगे।
- किसान बीमा योजना लाएंगे। दुर्घटना में किसान की मौत पर 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देंगे। किसान पेंशन योजना शुरू करेंगे।
- गांवों को स्मार्ट गांव के क्लस्टर्स के रूप में विकसित किया जाएगा।
- व्यवसाय के लिए महिलाओं को ब्याज रहित कर्ज दिया जाएगा।
- अनाथ युवतियों, दिव्यांग और कल्याणियों को विवाह करने पर दो लाख रुपए प्रोत्साहन राशि देंगे।
- यूपी की तरह मप्र में भी कानून व्यवस्था सुधारी जाएगी।
- 12वीं पास और स्नातक बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
- सभी प्रकार की पेंशन योजनाओं का एकीकरण कर परिवार की एक महिला को छह हजार रुपए प्रति माह पेंशन दी जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.